प्रयागराज महाकुंभ में भीषण आग: कई टेंट जलकर खाक, अफरातफरी का माहौल!

टेन न्यूज नेटवर्क

प्रयागराज (19 जनवरी 2025): प्रयागराज महाकुंभ में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सेक्टर-19 स्थित रेलवे पुल नंबर 12 के नीचे विवेकानंद सेवा समिति वाराणसी के टेंट में अचानक आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते 15 से 20 टेंट इसकी चपेट में आ गए और जलकर खाक हो गए।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 15-16 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। महाकुंभ मेला क्षेत्र के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रमोद शर्मा ने बताया कि आग ने करीब 18 शिविरों को अपनी चपेट में ले लिया था। वहीं, पांटून पुल 12 स्थित अखिल भारतीय धर्म संघ श्रीकरपात्री धाम वाराणसी के शिविर में भी आग फैल गई।

आग की लपटों के कारण वहां रखे एलपीजी सिलेंडर भी चपेट में आ गए, जिससे रुक-रुककर विस्फोट होने लगे। इस घटना के कारण श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और पूरे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। शास्त्री ब्रिज के नीचे बने टेंट भी आग की जद में आ गए, जिससे पुल के ऊपर धुएं का गुबार उठने लगा। हालात को देखते हुए पुल पर यातायात रोक दिया गया।

आग की लपटों ने गीता प्रेस के शिविर को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे महत्वपूर्ण धार्मिक ग्रंथों और साहित्य को नुकसान पहुंचने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है, और फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया और जिला प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

महाकुंभ मेले में इस भीषण आग की घटना से श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।