एम.एम. नरवणे की अप्रकाशित आत्मकथा लीक मामला: दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया FIR
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (10 February 2026): पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित आत्मकथा ‘Four Stars of Destiny’ के लीक होने से राजधानी में हलचल मच गई है। किताब के आधिकारिक प्रकाशन से पहले ही इसके कथित पीडीएफ और प्री-प्रिंट सामग्री के ऑनलाइन प्रसार को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच स्पेशल सेल को सौंपी गई है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, हाल के दिनों में सोशल मीडिया और ऑनलाइन न्यूज फोरम्स पर यह दावा सामने आया कि पुस्तक की टाइप-सेट पीडीएफ कॉपी इंटरनेट पर उपलब्ध है, जबकि इसके प्रकाशन से पहले आवश्यक सरकारी अनुमति नहीं ली गई थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह कॉपी प्रथम दृष्टया प्रकाशक M/s Penguin Random House India Pvt. Limited से संबंधित प्रतीत होती है, जिससे लीक की आशंका और गहरी हो गई है।
जांच में यह भी पाया गया कि कुछ ई-कॉमर्स और ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म्स पर किताब का पूरा कवर प्रदर्शित किया गया, जिससे पाठकों में यह भ्रम फैला कि पुस्तक बिक्री के लिए उपलब्ध है। पुलिस का कहना है कि यह मामला केवल कॉपीराइट उल्लंघन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकाशन-पूर्व गोपनीय सामग्री के लीक होने और उससे जुड़े संभावित राष्ट्रीय सुरक्षा पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल यह पता लगाने में जुटी है कि सामग्री किस स्तर पर और किन माध्यमों से लीक हुई। जांच के दायरे में संबंधित वेबसाइट्स, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स, तकनीकी ट्रेस और इसमें शामिल व्यक्तियों या संस्थाओं की भूमिका शामिल है। पुलिस यह भी देख रही है कि क्या यह लीक किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा है।
इस कथित लीक का मुद्दा संसद में भी उठा, जहां अप्रकाशित सामग्री के सार्वजनिक होने पर सवाल खड़े किए गए। विपक्ष ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर देखा, जबकि सरकार ने नियमों और संसदीय मर्यादा का हवाला दिया। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जो पुस्तक प्रकाशित नहीं हुई है, उसके तथ्यों का सदन में उल्लेख नहीं किया जा सकता।
विवाद की पृष्ठभूमि में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान नेताओं के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। अब दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन और सतर्क जांच जारी है।।
दिल्ली पुलिस द्वारा पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे (रिटायर्ड) की कथित अप्रकाशित किताब के प्रसार की जांच के लिए एफआईआर दर्ज किए जाने पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जनरल नरवणे का एक ट्वीट मौजूद है, जिसमें उन्होंने अपनी किताब का लिंक साझा करते हुए लोगों से उसे खरीदने की अपील की थी। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि ऐसे में या तो जनरल नरवणे झूठ बोल रहे हैं या फिर प्रकाशक पेंगुइन गलत बयान दे रहा है। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें नहीं लगता कि देश के पूर्व सेना प्रमुख झूठ बोलेंगे, इसलिए वह पेंगुइन के बजाय नरवणे पर भरोसा करते हैं।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि पेंगुइन का दावा है कि किताब अभी प्रकाशित नहीं हुई है, जबकि यह अमेज़न पर उपलब्ध बताई जा रही है और खुद नरवणे ने 2023 में अपनी किताब खरीदने की बात कही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि नरवणे की किताब में सरकार और प्रधानमंत्री से जुड़ी कुछ ऐसी बातें लिखी गई हैं, जो मौजूदा सत्ता के लिए असहज हैं। इसी वजह से अब इस पूरे मामले को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है और जांच के नाम पर सच्चाई को दबाने की कोशिश हो रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।