ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भव्य हिंदू विराट सम्मेलन, एकता, संस्कृति और राष्ट्र रक्षा का दिया गया संदेश
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (09/02/2026): सेक्टर-3 स्थित जेबीएम पार्क में रविवार, 8 फरवरी को भव्य हिंदू विराट सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेशा म्यूजिकल ग्रुप द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुई, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में संतों, विद्वानों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता की।
सम्मेलन के दौरान संतों और वक्ताओं ने हिंदू एकता, संस्कृति संरक्षण, पारंपरिक वेशभूषा की रक्षा, मातृशक्ति के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण, स्वाभिमान और राष्ट्र रक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि हिंदू समाज का संगठित होना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, ताकि सांस्कृतिक और राष्ट्रीय मूल्यों की रक्षा की जा सके।
संतों ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि भारत में निवास करने वाला प्रत्येक व्यक्ति सांस्कृतिक रूप से हिंदू है। कुछ लोगों ने भले ही अपनी पूजा पद्धति बदली हो, लेकिन उनके पूर्वज हिंदू ही रहे हैं। ऐसे में समाज को उन्हें अपनाने और ‘घर वापसी’ का अवसर देने का आह्वान भी किया गया।
कार्यक्रम में मातृशक्ति की भूमिका विशेष रूप से देखने को मिली। बाल कलाकारों के माध्यम से ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर सुंदर और प्रेरणादायक प्रस्तुति दी गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

मुख्य वक्ता मुकेश ने अपने संबोधन में ‘स्वबोध’ का उदाहरण देते हुए इजराइल का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार इजराइल ने अपनी भाषा और सांस्कृतिक पहचान को पुनः स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए। उन्होंने मातृभाषा को घर-घर में बोलने और अपनाने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
यह सम्मेलन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित हो रहे विराट हिंदू सम्मेलनों की श्रृंखला का हिस्सा था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वामी शिवानंद गिरी रहे। विशिष्ट अतिथियों में महा मंडलेश्वर योगिनी पीठ की लाडलीनंद सरस्वती, नोएडा इस्कॉन के सह अध्यक्ष बंशीधर, वैदिक उपदेशक स्वामी गिरिराज शर्मा, आचार्य हिमांशु तिवारी, विश्व हिंदू महासंघ दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मातृशक्ति प्रकोष्ठ की पिंकी सिंह सहित अनेक संत और विद्वान शामिल रहे, जिनके मार्गदर्शन से समाज लाभान्वित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान बिसरख थाना अंतर्गत सेक्टर-3 चौकी की पुलिस टीम का भी विशेष सहयोग रहा। सुरक्षा व्यवस्था में उप निरीक्षक मनोज मोटला और उनकी टीम की भूमिका सराहनीय रही, जिसके लिए आयोजकों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में लगभग 650 लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त फ्लाइट लेफ्टिनेंट वीरसेन नागर के ऊर्जावान और प्रेरक उद्बोधन के साथ हुआ। उन्होंने सभी संतों, विद्वानों और हिंदू आयोजन समिति का आभार जताते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।