New Delhi News (06 February 2026): दिल्ली के जनकपुरी में 25 वर्षीय युवक कमल की मौत को लेकर पुलिस के दावे पर अब सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि कमल की मौत दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरने से हुई, लेकिन इस मामले में कमल के दोस्त के बयान ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है। ANI से बातचीत में दोस्त ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कमल के दोस्त ने बताया कि घटना वाली रात करीब 11 बजे उसकी कमल से बात हुई थी। कमल ने कहा था कि वह 15 मिनट में घर पहुंच जाएगा, लेकिन एक घंटे तक इंतजार करने के बाद भी जब वह नहीं पहुंचा तो दोस्त उसकी तलाश में निकल पड़े। काफी खोजबीन के बावजूद कमल नहीं मिला, जिसके बाद वे थाने पहुंचे। दोस्त का आरोप है कि वहां पुलिस ने कहा कि सुबह 11 बजे से पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा सकती, हालांकि दो पुलिसकर्मियों ने अनौपचारिक रूप से मदद करने की कोशिश की।
दोस्त के अनुसार, उन्हीं पुलिसकर्मियों ने कमल का लोकेशन निकालकर भेजा, लेकिन वह लोकेशन खुलने से पहले ही डिलीट हो गई। इसके बाद उन्हें सलाह दी गई कि वे घटनास्थल के आसपास करीब 200 मीटर के दायरे में फोन रिंग होने की संभावना के आधार पर तलाश करें। दोस्त का कहना है कि वे सुबह 7 बजे तक खोजते रहे, लेकिन न तो कमल मिला, न उसकी बाइक और न ही उसका मोबाइल फोन।
अब पुलिस का दावा है कि सुबह करीब 7 बजे कमल का शव जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्ढे में मिला। इस पर कमल के दोस्त ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब सुबह 6 बजे तक वहां न शव था, न बाइक और न फोन, तो एक घंटे बाद अचानक लाश कैसे मिली। दोस्त ने मांग की है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किए जाएं और पूरे मामले की निष्पक्ष व सख्त जांच हो। अब यह देखना अहम होगा कि दिल्ली पुलिस इस विरोधाभास पर क्या सफाई देती है और जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।