बुराड़ी सड़क नहीं बनाने पर प्रवेश वर्मा के खिलाफ AAP ने किया प्रदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (17 नवंबर 2026): राजधानी में प्रदूषण, यमुना की बदहाली और सड़कों की खराब स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ आप कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में जूते-चप्पल लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और ठेकेदारी बंद करो, टेंडर रद्द क्यों किया जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन में दिल्ली की खराब होती हवा, यमुना में बढ़ते प्रदूषण, बुराड़ी में सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं होने और कथित पेंशन घोटाले को लेकर भाजपा सरकार को घेरा गया। इस विरोध प्रदर्शन में बुराड़ी से आप विधायक संजीव झा भी मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान आप विधायक संजीव झा ने कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या इस तरह के कदम उठाने से दिल्ली का प्रदूषण खत्म हो जाएगा, यमुना साफ हो जाएगी और राजधानी की सड़कें दुरुस्त हो जाएंगी? उन्होंने सवाल किया कि जिन लोगों को पेंशन नहीं मिल रही और जिन घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा, उनकी समस्याओं का समाधान कौन करेगा? संजीव झा ने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता में आए दो साल हो चुके हैं, लेकिन दिल्ली की बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री और मंत्रियों से जनता के मुद्दों पर जवाब देने की मांग करते हुए पूछा कि आखिर भाजपा सरकार कब तक पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पीछे छिपती रहेगी।

आप विधायक ने विशेष रूप से बुराड़ी की सड़कों का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र की सड़कों की हालत बेहद खराब है और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। संजीव झा के मुताबिक, वह पिछले छह महीने से सड़क निर्माण का काम शुरू कराने के लिए संबंधित मंत्री के कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मंत्री प्रवेश वर्मा ने 14 अक्टूबर तक काम शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक टेंडर भी नहीं खोला गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब टेंडर रद्द करने की बात कही जा रही है। संजीव झा ने सवाल किया कि जब सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी थी तो टेंडर कैंसिल करने की नौबत क्यों आई? उन्होंने मंत्री से पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देने की मांग की और कहा कि जब तक क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, आप का विरोध जारी रहेगा।

वहीं, दिल्ली आप अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में दिल्ली की जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को प्रदूषण, गंदगी, खराब सड़कों और पानी जैसी समस्याओं से राहत चाहिए, न कि केवल सरकार के प्रचार-प्रसार से। भारद्वाज ने भाजपा से चुनाव के दौरान किए गए वादों का हिसाब देने की मांग की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि सरकार को अपनी उपलब्धियां दिखानी हैं तो प्रधानमंत्री आवास भी दिखाना चाहिए, ताकि जनता को वास्तविक स्थिति समझने का मौका मिले। फिलहाल, बुराड़ी की सड़क के टेंडर और निर्माण कार्य को लेकर भाजपा सरकार की ओर से इन आरोपों पर जवाब सामने आना बाकी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।