गौतमबुद्ध नगर में जल सुरक्षा को मजबूती: छह जल पुलिस चौकियों की स्थापना का प्रस्ताव

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha NagarNews (06/02/2026): उत्तर प्रदेश में जल सुरक्षा और जन सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में जिले के प्रमुख नदियों, नहरों, घाटों और जल पर्यटन स्थलों पर जल पुलिस चौकियों की स्थापना की योजना तैयार की गई है। इस योजना का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों, पर्वों और सामान्य दिनों में नागरिकों व श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, साथ ही आपात स्थितियों में त्वरित बचाव एवं राहत कार्यों को प्रभावी बनाना है।

प्रस्तावित योजना के अंतर्गत कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर क्षेत्र में कुल छह जल पुलिस चौकियों की स्थापना की जाएगी। इन चौकियों के माध्यम से अवैध गतिविधियों पर अंकुश, संभावित बाढ़ की स्थिति में निगरानी, तथा छठ पूजा, कांवड़ यात्रा, दुर्गा पूजा जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

प्रस्तावित जल पुलिस चौकियों का विवरण

नोएडा जोन:

थाना सेक्टर-126 क्षेत्र अंतर्गत ओखला बैराज की पूर्व दिशा में कालिंदी कुंज यमुना पुल के नीचे।

सेंट्रल नोएडा जोन:

थाना इकोटेक-3 क्षेत्र में हिंडन नदी के किनारे, कुलेसरा क्षेत्र।

ग्रेटर नोएडा जोन:

थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में ग्राम कामबक्शपुर के यमुना तटीय क्षेत्र में। थाना दादरी क्षेत्र में कोट नहर, दादरी।
थाना दनकौर क्षेत्र में खेरली नहर पुलिया।
थाना रबूपुरा क्षेत्र में ग्राम चंडीगढ़, यमुना नहर क्षेत्र।

कमिश्नरेट क्षेत्र में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा, छठ पूजा और अन्य पर्वों के दौरान घाटों पर भारी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित होते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जल पुलिस चौकियों की स्थापना को आवश्यक माना गया है।

जल पुलिस चौकियां घाटों और जल क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन, बैरीकेडिंग, नावों की क्षमता के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने और आपात स्थिति में बचाव कार्यों को अंजाम देंगी। इसके साथ ही स्थानीय नाविकों, गोताखोरों और आपदा मित्रों के साथ समन्वय कर राहत कार्यों को गति दी जाएगी।

प्रत्येक जल पुलिस चौकी आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित होगी। इनमें प्रशिक्षित पुलिस बल, रबरयुक्त बचाव नौकाएं, प्रशिक्षित बोट चालक, सहायक चालक, स्थानीय गोताखोर और आपदा मित्र शामिल रहेंगे। प्रशिक्षण और वित्तीय सहयोग राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रत्येक चौकी पर एक चौकी प्रभारी, मुख्य आरक्षी या आरक्षी के अतिरिक्त दो बचाव नौकाओं के संचालन हेतु दो बोट चालक, दो सहायक बोट चालक तथा प्रत्येक नाव के लिए चार से आठ स्थानीय गोताखोर और आपदा मित्र तैनात किए जाएंगे। आवश्यकता के अनुसार जनशक्ति में वृद्धि भी की जा सकेगी।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की यह पहल जल सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और जन सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाएगी, जिससे घाटों, नहरों और जल पर्यटन स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।