गौतमबुद्ध नगर के किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित, तीनों प्राधिकरणों के ये अधिकारी हुए शामिल.
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा / ग्रेटर नोएडा (03 दिसंबर, 2024): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतमबुद्ध नगर जिले के किसानों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। इस समिति की अध्यक्षता राजस्व परिषद के अध्यक्ष करेंगे और इसमें मेरठ मंडलायुक्त, गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। समिति का उद्देश्य नोएडा और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्रों में आंदोलनरत किसानों की समस्याओं का समाधान करना और औद्योगिक विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में आने वाली अड़चनों को दूर करना है।
समिति द्वारा पहले की गई चर्चा और सिफारिशों के आधार पर, अब एक कार्यान्वयन समिति बनाई गई है। इस समिति में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर को अध्यक्ष बनाया गया है।

विशेष सचिव पीयूष वर्मा, नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय खत्री, ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौम्य श्रीवास्तव, और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कपिल सिंह को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

इस समिति को राजस्व परिषद की सिफारिशों पर विस्तार से विचार करने और उनकी अनुशंसाओं के अनुसार समाधान प्रस्तुत करने का कार्य सौंपा गया है। समिति से अपेक्षा की गई है कि वह एक महीने के भीतर अपनी आख्या और संस्तुति शासन को सौंपे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना और औद्योगिक विकास को गति प्रदान करना है।

टिप्पणियाँ बंद हैं।