उत्तर प्रदेश में शिक्षकों और शिक्षा कर्मियों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (02/02/2026): उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के शिक्षा जगत से जुड़े लाखों कार्मिकों और उनके परिवारों को बड़ी राहत देते हुए कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। यह सुविधा बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत मान्यता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों को दी जाएगी। इस संबंध में कैबिनेट में प्रस्ताव पारित होने पर शिक्षक प्रकोष्ठ भाजपा उत्तर प्रदेश एवं विभिन्न शिक्षक संगठनों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक और विधान परिषद सदस्य चंद्र शर्मा ने बताया कि लंबे समय से शिक्षक संगठनों द्वारा यह मांग उठाई जा रही थी कि शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अन्य शिक्षा कर्मियों को सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ नजदीकी निजी चिकित्सालयों में भी इलाज की सुविधा दी जाए। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने कैशलेस चिकित्सा योजना को मंजूरी दी है।
इस योजना के अंतर्गत बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा विभाग, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों, स्ववित्तपोषित एवं वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक (CWSN), अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कार्यरत वार्डन, पूर्णकालिक एवं अंशकालिक शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइया तथा उनके आश्रित परिवार के सदस्य शामिल होंगे।
योजना के क्रियान्वयन के लिए प्रति कार्मिक लगभग 3,000 रुपये वार्षिक प्रीमियम का अनुमान लगाया गया है। लाभार्थियों की संख्या करीब 15 लाख मानी जा रही है, जिसके सापेक्ष लगभग 400 करोड़ रुपये का वार्षिक व्यय भार प्रदेश सरकार वहन करेगी। यह कैशलेस चिकित्सा सुविधा राज्य एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) के माध्यम से लागू की जाएगी।
इस योजना के तहत लाभार्थी राजकीय चिकित्सालयों के साथ-साथ साचीज से संबद्ध निजी अस्पतालों में भी कैशलेस इलाज करा सकेंगे। इलाज की दरें प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर निर्धारित दरों के अनुरूप होंगी।
चंद्र शर्मा ने कहा कि यह निर्णय शिक्षा जगत से जुड़े कार्मिकों के स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस योजना से शिक्षकों और उनके परिवारों को आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी। इस अवसर पर भाजपा से गौतमबुद्ध नगर जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, राहुल पंडित, कर्मवीर आर्य, वीरेंद्र भाटी, प्रवीण शर्मा, जगवीर सिंह, यशवीर नागर, मनवीर नागर, समेत कई शिक्षक नेता और पदाधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने सरकार के इस फैसले को शिक्षक समाज के हित में मील का पत्थर बताया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।