शामली में विराट हिंदू सम्मेलन, राष्ट्रीय चरित्र और नीतिगत बदलाव पर जोर

टेन न्यूज नेटवर्क

GHAZIABAD News (02/02/2026): केराना रोड स्थित गगन फार्म हाउस में रविवार को एक विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पटेल बस्ती, महाराणा प्रताप बस्ती और शिवाजी बस्ती, शामली के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही और राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक चेतना तथा हिंदू समाज की वर्तमान स्थिति पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वीर चक्र से सम्मानित कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि कोई भी समस्या इंसान से बड़ी नहीं होती, आवश्यकता केवल साहस के साथ आगे बढ़ने और पुरानी नीतियों में बदलाव की होती है। उन्होंने कहा कि जब देश की सुरक्षा का प्रश्न हो, तब अत्यधिक सहनशीलता सबसे बड़ी कमजोरी बन जाती है। पारिवारिक जीवन में सहनशीलता आवश्यक है, लेकिन राष्ट्रीय चरित्र में दृढ़ता और साहस का होना अनिवार्य है।

कर्नल त्यागी ने ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए कहा कि यदि पृथ्वीराज चौहान ने पहली बार में मोहम्मद गोरी को क्षमा न किया होता, तो आज देश का इतिहास कुछ और होता। उन्होंने संत समाज से भी अपने उद्देश्यों और दृष्टिकोण में परिवर्तन लाने का आह्वान किया, यह कहते हुए कि समय के अनुरूप भूमिका न निभाने पर समाज का भरोसा कमजोर हो सकता है।

हिंदू समाज की स्थिति में सुधार के लिए कर्नल त्यागी ने दो महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। उन्होंने कहा कि सभी मंदिरों में प्रतिदिन सुबह ठीक सात बजे दस मिनट तक शंखनाद किया जाना चाहिए, जिससे समाज में चेतना और एकता का भाव जागृत हो। इसके साथ ही उन्होंने हिंदू युवाओं को विद्यालय स्तर पर प्रारंभिक सैनिक प्रशिक्षण देने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि युवाओं को यह सिखाया जाना चाहिए कि देश की सेवा शहीद होकर ही नहीं, बल्कि जीवित रहकर भी की जा सकती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अब समय आ गया है कि दुश्मन की कार्रवाई का केवल जवाब देने की बजाय ऐसी रणनीति अपनाई जाए, जिससे विरोधी जवाब देने की स्थिति में ही न रहे।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सैनिक संस्था की आर्थिक समिति के राष्ट्रीय संयोजक राजन छिब्बर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि यदि पुरानी नीतियों से समाधान निकलना होता, तो अब तक निकल चुका होता। इसलिए समय की मांग है कि नीतियों में ठोस बदलाव किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय सैनिक संस्था देश का एकमात्र ऐसा पंजीकृत संगठन है, जिसमें पूर्व सैनिकों के साथ-साथ देशभक्त नागरिक भी सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।

कार्यक्रम के दौरान कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी और राजन छिब्बर को आयोजकों द्वारा सम्मानित किया गया। मंच पर कर्नल त्यागी, राजन छिब्बर, प्रांत संग चालक वेद पाल, आयोजन अध्यक्ष अमित बंसल सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि वेद पाल, सह प्रांत संपर्क प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने संबोधन में स्वयंसेवक संघ की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के संयोजक अध्यक्ष अमित बंसल, सचिव अमित मित्तल और कोषाध्यक्ष मधुसूदन गौड़ ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रभावी व्यवस्था की। संगीत और लघु नाटकों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। इस सम्मेलन को सामाजिक चेतना, राष्ट्रभक्ति और वैचारिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।