Gautam Buddha Nagar (28/01/2026): नोएडा, ग्रेटर नोएडा में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश और तेज ठंडी हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। इस दौरान साल में पहली बार ओले भी गिरे, जिसे देखने के लिए लोग अपने घरों की खिड़कियों और बालकनी में निकल आए। बच्चों और युवाओं में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
दिनभर बादलों से घिरे आसमान के कारण धूप नहीं निकल पाई, जिससे ठंड और बढ़ गई। बारिश और सर्द हवाओं की वजह से न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई बार हुई बारिश के चलते लोगों को पूरे दिन ठंड का एहसास बना रहा।
बारिश के बावजूद वायु प्रदूषण में कोई खास सुधार नहीं हुआ। नोएडा का एक्यूआई 331 और ग्रेटर नोएडा का 340 दर्ज किया गया, जिससे दोनों शहर रेड जोन में बने रहे। लोगों को साफ हवा की उम्मीद थी, लेकिन प्रदूषण का स्तर कम नहीं हो सका।
बारिश के कारण, शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। स्काई मार्क, अंडरपास, सेक्टर 62, 14ए और सेक्टर 18 समेत कई जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कुछ स्थानों पर वाहन 10 से 20 मिनट तक जाम में फंसे रहे। छुट्टी के बाद दफ्तर खुलने से भी सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ा रहा।
इसके साथ ही, कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। सेक्टर 62, 63, 74, 82, 88 समेत अन्य इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही, जिससे उद्योगों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले चार दिनों तक सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर चलने वाले वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। नए महीने की शुरुआत में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
बारिश और ओलावृष्टि ने जहां लोगों को मौसम का अनोखा नजारा दिखाया, वहीं ठंड, जाम, बिजली कटौती और प्रदूषण ने उनकी परेशानियां भी बढ़ा दीं हैं|
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।