77th Republic Day: मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने बताया संविधान और लोकतंत्र का महत्व

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (26/01/2026): पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मेधा रूपम की उपस्थिति में पुलिस लाइंस पर 77वां गणतंत्र दिवस भव्य और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि, राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय परेड कमांडरों के नेतृत्व में परेड आयोजित हुई, अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को डीजी डिस्क पदक, उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। भव्य परेड, विविध प्रदर्शनी और आपातकालीन सेवा वाहनों की प्रदर्शनी के साथ छात्रों और नन्हें बच्चों को सम्मानित किया गया।

राज्य सरकार में मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने गणतंत्र दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरा देश 77वां गणतंत्र दिवस गर्व और उत्साह के साथ मना रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारी लक्ष्मी सिंह, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों, छात्रों, पत्रकारों और आम जनता को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि हमारा देश 15 अगस्त 1947 को लंबे संघर्ष के बाद स्वतंत्र हुआ। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें आज़ादी दिलाई, जिसके कारण आज हम स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने संविधान निर्माण में योगदान देने वाले डॉ. राजेंद्र प्रसाद, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और अन्य संविधान निर्माताओं को नमन किया।

जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि भारत का संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ और इसी के साथ देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था की स्थापना हुई। संविधान की प्रस्तावना हमें सामाजिक न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का संदेश देती है। यह विश्व का सबसे विस्तृत संविधान है, जिसमें हर नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि संविधान के तहत सभी नागरिकों को मताधिकार मिला, जिससे वे बिना किसी भेदभाव के अपने प्रतिनिधि चुन सकते हैं। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जिसने 77 वर्षों में लोकतांत्रिक परंपराओं को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है।

मंत्री ने कहा कि हमें अपने मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए। संविधान, राष्ट्रध्वज और राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए हम सभी को संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, कनेक्टिविटी और गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से देश और प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।

जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, सड़क और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। सरकार की योजनाओं से आम जनता को लाभ मिल रहा है और हर वर्ग के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।

उन्होंने अंत में कहा कि हम सभी को संविधान की रक्षा, देश की शांति, सुरक्षा और विकास के लिए मिलकर कार्य करना होगा। 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हर नागरिक को अपना योगदान देना होगा और देशहित में कार्य करना होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।