NOIDA News (25/01/2026): नोएडा में मजदूरी करने आए मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना क्षेत्र के रहने वाले दो चचेरे भाइयों की दम घुटने से मौत हो गई। दोनों ने ठंड से बचने के लिए रात के समय कमरे में अंगीठी जलाई थी और उसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान नगर पंचायत महमूदपुर माफी निवासी फुरकान (35 वर्ष) और साहिल (18 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को दिनभर बारिश होने के कारण नोएडा में मौसम अचानक ठंडा हो गया था। तेज सर्दी से राहत पाने के लिए दोनों भाइयों ने रात को अपने कमरे में अंगीठी जलाई और वहीं सो गए।
बताया जा रहा है कि सोने से पहले दोनों ने फोन पर परिजनों से बातचीत की थी और बढ़ती ठंड की जानकारी दी थी। हालांकि, शनिवार सुबह जब परिजनों ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, तो दोनों के मोबाइल फोन बंद मिले। लगातार कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने नोएडा में उनके साथ काम करने वाले अन्य मजदूरों को सूचना दी।
साथी मजदूर जब उनके कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा और खिड़कियां अंदर से बंद थीं। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए—फुरकान और साहिल जमीन पर अचेत अवस्था में पड़े थे। पास ही अंगीठी रखी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की। जांच में आशंका जताई गई कि बंद कमरे में अंगीठी से निकलने वाले धुएं और कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के कारण दोनों भाइयों का दम घुट गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
इस हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही महमूदपुर माफी स्थित दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। शनिवार दोपहर बाद दोनों शवों को उनके पैतृक गांव लाया गया, जहां गमगीन माहौल में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार देर शाम फुरकान से आखिरी बार बातचीत हुई थी, जिसमें उसने खाना खाने के बाद अत्यधिक ठंड लगने की बात कही थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि ठंड से बचने का यही प्रयास दोनों की जिंदगी छीन लेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।