निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (25/01/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के समीप स्थित एक निजी अस्पताल से शनिवार देर रात एक गंभीर मामला सामने आया है। इलाज के लिए भर्ती एक महिला की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हरदोई जनपद के मूल निवासी निरंकार वर्तमान में नोएडा में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी 39 वर्षीय पत्नी ज्योति पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं। उपचार के लिए उन्हें 20 जनवरी को दनकौर क्षेत्र स्थित इसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की सलाह पर शनिवार देर रात उनका पित्त की थैली (गॉल ब्लैडर) का ऑपरेशन किया जा रहा था।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों की लापरवाही के कारण ज्योति की हालत अचानक बिगड़ गई और उनकी मृत्यु हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दनकौर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी तो जताई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। परिजन मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम कराए बिना ही अपने साथ घर ले गए।
पुलिस का कहना है कि यदि परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त होती है तो मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और मरीजों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।