NOIDA News (24/01/2026): गौतमबुद्ध नगर के सेक्टर-33ए स्थित शिल्प हाट, नोएडा में शुक्रवार 24 जनवरी 2026 से तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 24 से 26 जनवरी तक आयोजित होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश की स्थापना की ऐतिहासिक स्मृति को जीवंत बनाए रखना और उसकी सांस्कृतिक, सामाजिक तथा विकासात्मक उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम का उद्घाटन लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने रिबन काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधान परिषद सदस्य चंद शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश दिवस के मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ लखनऊ में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया, जिसका सजीव प्रसारण नोएडा शिल्प हाट में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। इसके साथ ही सूचना विभाग द्वारा तैयार मंडलीय विकास परियोजनाओं पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने उत्साहपूर्वक देखा।

इस अवसर पर सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस प्रदेश की गौरवशाली विरासत, समृद्ध संस्कृति और निरंतर विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और नवाचार की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप, पर्यटन, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में हुई प्रगति का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने लोगों से तीन दिवसीय आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिल्प, कला, संस्कृति और विकास की इस अनूठी झलक का आनंद लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ भी दिलाई गई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में जिले के 15 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, ऑपरेशन सिंदूर विषयक प्रस्तुति, ‘जय हिंद की सेना’ जैसे देशभक्ति कार्यक्रमों के साथ शास्त्रीय संगीत और लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। रागिनी गायक ब्रह्मपाल नागर और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देशभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला, जिसे दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
इस दौरान सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और छोटे बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। कार्यक्रम स्थल पर एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी), स्टार्टअप, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मिशन शक्ति, पर्यटन, कला-संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित स्टॉल लगाए गए। जनप्रतिनिधियों ने इन स्टॉलों का भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति और लाभार्थियों से संवाद किया तथा स्थानीय उत्पादों, महिला स्वयं सहायता समूहों और नवोदित उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की।
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर स्वीप एवं मतदाता जागरूकता अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले राजकीय बालिका इंटर कॉलेज होशियारपुर की प्रधानाचार्य दीपा भाटी और राजकीय इंटर कॉलेज सेक्टर-12 के प्रधानाचार्य मोहित वशिष्ठ को सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और मेधावी विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
उद्योग विभाग द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत कई लाभार्थियों को ब्याज मुक्त ऋण के चेक वितरित किए गए, जबकि विश्वकर्मा टूलकिट वितरण योजना के अंतर्गत 50 लाभार्थियों को सिलाई मशीनें प्रदान की गईं। साथ ही लक्ष्य पूर्ति में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों के प्रबंधकों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवकांत द्विवेदी ने बताया कि 24 से 26 जनवरी तक शिल्प हाट में आयोजित उत्तर प्रदेश दिवस में जिले की विकास उपलब्धियों, विभिन्न विभागों की योजनाओं और प्रदेश के प्रमुख उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस आयोजन में पहुंचकर स्टॉलों का भ्रमण करें और योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें।
कार्यक्रम स्थल पर लगभग 120 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें नोएडा प्राधिकरण, कृषि विभाग, स्वयं सहायता समूह, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, ग्रामोद्योग, महिला एवं बाल सुरक्षा, मिशन शक्ति, दिव्यांगजन योजनाओं सहित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी शामिल है।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, यमुना विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश सिंह, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे सहित जिला प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।