जनगणना 2027: मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की प्रश्नावली अधिसूचित
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (23 January 2026): भारत सरकार ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण की औपचारिक शुरुआत कर दी है। गृह मंत्रालय की ओर से भारत के राजपत्र (The Gazette of India) में अधिसूचना जारी कर मकानसूचीकरण और मकानों की गणना (House Listing & Housing Census) के लिए विस्तृत प्रश्नावली को अधिसूचित किया गया है। यह अधिसूचना 22 जनवरी 2026 को राजपत्र में प्रकाशित की गई, जिसके साथ ही जनगणना 2027 की तैयारियां आधिकारिक रूप से शुरू हो गई हैं।
अधिसूचना के अनुसार, पहले चरण में देशभर के प्रत्येक मकान और परिवार से संबंधित बुनियादी जानकारियां एकत्र की जाएंगी। प्रश्नावली में मकान की दीवार और छत में प्रयुक्त सामग्री, मकान का उपयोग, उसकी स्थिति, परिवार क्रमांक, परिवार के मुखिया का नाम और लिंग, परिवार का सामाजिक वर्ग, मकान के स्वामित्व की स्थिति और उपलब्ध कमरों की संख्या जैसे बिंदु शामिल हैं। इसके अलावा परिवार में रहने वाले विवाहित दंपतियों की संख्या से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी।
मकानसूचीकरण की प्रश्नावली में बुनियादी सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इसमें पेयजल का मुख्य स्रोत, जल उपलब्धता, शौचालय की उपलब्धता और प्रकार, गंदे पानी की निकासी, रसोईघर की उपलब्धता, खाना पकाने के लिए उपयोग किए जाने वाले ईंधन, बिजली और प्रकाश का स्रोत, एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन, रेडियो, टेलीविजन, इंटरनेट सुविधा, लैपटॉप/कंप्यूटर, मोबाइल/स्मार्ट फोन, साइकिल, स्कूटर/मोटरसाइकिल, कार/जीप/वैन और परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज से जुड़ी जानकारी शामिल है। जनगणना से संबंधित संपर्क के लिए मोबाइल नंबर भी दर्ज किया जाएगा।
अधिसूचना में यह स्पष्ट किया गया है कि जनगणना 2027 का दूसरा चरण, यानी जनसंख्या गणना (Population Enumeration), बाद में यथासमय अलग से अधिसूचित किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत संचालित की जा रही है और इसकी निगरानी भारत के रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना आयुक्त द्वारा की जाएगी। सरकार का कहना है कि मकानसूचीकरण से प्राप्त आंकड़े नीतिगत योजनाओं, बुनियादी ढांचे के विकास और सामाजिक-आर्थिक कार्यक्रमों के लिए बेहद अहम आधार तैयार करेंगे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।