अतिशी के ‘झूठ’ को सच बनाने के लिए पंजाब पुलिस का दुरुपयोग कर रही AAP: मनजिंदर सिंह सिरसा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (16 January 2026): गुरु तेग बहादुर जी के संदर्भ में दिए गए कथित अपमानजनक बयान को लेकर दिल्ली की राजनीति में सियासी घमासान तेज हो गया है। गुरुवार शाम दिल्ली सचिवालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी (AAP) और पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा प्रकरण “झूठ को सच साबित करने की एक संगठित साजिश” है, जिसमें संवैधानिक मर्यादाओं को दरकिनार कर पंजाब पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है।

मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की बुनियाद ही झूठ पर टिकी हुई है और इसका सबसे बड़ा उदाहरण अरविंद केजरीवाल हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले जिन वादों और कसमें खाई गईं, वे सत्ता मिलते ही भुला दी गईं। सिरसा के मुताबिक अब उसी राजनीतिक संस्कृति को आगे बढ़ाते हुए आतिशी ने दिल्ली विधानसभा में गुरु तेग बहादुर जी को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया और अब उस बयान से बचने के लिए फॉरेंसिक रिपोर्ट का सहारा लिया जा रहा है।

फॉरेंसिक रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए सिरसा ने इसे “जांच नहीं, बल्कि कहानी लेखन” करार दिया। उन्होंने कहा कि बिना मूल विधानसभा वीडियो के जांच पूरी करना संदेह पैदा करता है। इसके साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि बिना आतिशी का वॉयस सैंपल लिए यह कैसे तय कर लिया गया कि वीडियो में मौजूद आवाज उनकी नहीं है। सिरसा ने यह भी पूछा कि किसी साइबर विशेषज्ञ के बजाय एक कांस्टेबल द्वारा एआई टूल से तैयार रिपोर्ट को अदालत में कैसे स्वीकार किया जा सकता है।

मंत्री ने कहा कि रिपोर्ट में यह तक स्पष्ट नहीं किया गया कि वीडियो के किस हिस्से या किस सेकंड में कथित छेड़छाड़ हुई। केवल ‘डॉक्टर्ड’ कह देने से सच्चाई नहीं बदलती। उन्होंने पंजाब पुलिस के दोहरे मापदंडों का आरोप लगाते हुए कहा कि अन्य मामलों में सैंपल न मिलने का हवाला देकर जांच से हाथ खड़े कर दिए जाते हैं, जबकि इस मामले में बिना ठोस आधार के जल्दबाजी में रिपोर्ट पेश कर दी गई।

धार्मिक भावनाओं का मुद्दा उठाते हुए सिरसा भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का सम्मान राजनीति से ऊपर है और गुरु मर्यादा का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि केवल आतिशी को बचाने के लिए पूरे सरकारी तंत्र को झोंक देना बेहद शर्मनाक है।

दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी का दावा है कि जालंधर की निचली अदालत में यह साबित हुआ है कि दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा द्वारा साझा किया गया वीडियो फर्जी था। कोर्ट ने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को वह वीडियो हटाने का आदेश दिया है। AAP का कहना है कि बीजेपी नेताओं ने उस वीडियो को साझा कर धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिश की।

हालांकि, इस पूरे मामले ने अब कई संवैधानिक और न्यायिक सवाल भी खड़े कर दिए हैं। एक ओर धार्मिक आस्था से जुड़ा संवेदनशील मुद्दा है, तो दूसरी ओर दो राज्यों की सरकारों, पंजाब पुलिस, दिल्ली विधानसभा और न्यायालय की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। यह भी चर्चा में है कि बिना सभी संबंधित पक्षों को बुलाए, उनका वॉयस सैंपल लिए या उनका पक्ष सुने बिना फैसला कैसे सुनाया गया। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि तीनों स्वतंत्र संस्थाएं विधानसभा, पुलिस और न्यायपालिका इस विवाद को किस दिशा में ले जाती हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।