गौतमबुद्ध नगर जिला अदालत का सख्त फैसला: फायरिंग करने वाले 7 दोषियों को उम्रकैद
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (14/01/2026): सूरजपुर स्थित गौतमबुद्ध नगर जिला अदालत ने जेवर क्षेत्र के महोबलीपुर गांव में गोवर्धन पूजा के दौरान हुई सनसनीखेज फायरिंग मामले में बड़ा और कड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने इस जघन्य अपराध के लिए सात दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही प्रत्येक दोषी पर 95-95 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि यदि दोषी जुर्माने की राशि जमा नहीं करते हैं तो उन्हें अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
अभियोजन पक्ष की ओर से एडीजीसी धर्मेंद्र जयंत ने बताया कि यह घटना करीब दो साल पहले महोबलीपुर गांव में हुई थी। पीड़ित परिवार अपने घर पर गोवर्धन पूजा का आयोजन कर रहा था, उसी दौरान पड़ोसियों ने अचानक अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में 14 वर्षीय किशोर मोहित को सिर में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
मामले में मृतक के पिता राकेश कुमार की शिकायत पर जेवर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और मामले की विवेचना पूरी कर अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया था। अदालत में चली लंबी सुनवाई और गवाहों के बयानों के आधार पर न्यायालय ने अभिराज, सोनू, गौरव सिंह, रणजीत सिंह, निशांत राणा, धर्मेश उर्फ धर्मेंद्र और शिवनीत उर्फ शिवराज को दोषी करार दिया। सभी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है।
अभियोजन के अनुसार, इस खूनखराबे की जड़ एक पुरानी रंजिश थी। मृतक के पिता राकेश और उनके पड़ोसी सोनू के बीच खेत से भुट्टे तोड़ने को लेकर विवाद हुआ था। पहले दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट हुई और इसके बाद एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायतें दर्ज कराई गईं। इसी दुश्मनी का बदला लेने के लिए बाद में आरोपियों ने गोवर्धन पूजा के दौरान फायरिंग की साजिश रची।
राकेश कुमार ने अपनी तहरीर में बताया था कि 14 नवंबर 2023 को उनका परिवार घर में धार्मिक पूजा कर रहा था, तभी आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया। अंधाधुंध गोलियां चलने से उनके नाबालिग बेटे मोहित की जान चली गई और अन्य लोग घायल हो गए। अदालत के इस फैसले को इलाके में न्याय की बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि इस सख्त सजा से समाज में अपराध करने वालों को कड़ा संदेश जाएगा और कानून के प्रति भरोसा मजबूत होगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।