भोजन भारत की वैश्विक शक्ति, व्यापार और निर्यात का सबसे बड़ा माध्यम बन रहा है: State Minister Jitin Prasada | Indus Food 2026

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (09/01/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित Indus Food 2026 के दौरान विश्व पाक कला विरासत सम्मेलन 2026 का उद्घाटन वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद (State Minister Jitin Prasada) ने किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई प्रतिष्ठित अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें फिजी सरकार के कृषि एवं जलमार्ग मंत्री तोमासी तुआबुना, इंडियन फेडरेशन ऑफ कलिनरी एसोसिएशंस (IFCA) के अध्यक्ष शेफ मनजीत गिल, वर्ल्डशेफ्स के उपाध्यक्ष शेफ उवे मिशेल, एशिया वर्ल्डशेफ के महाद्वीपीय निदेशक शेफ विलमेंट लियोंग, ट्रेड प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया (TPCI) के अध्यक्ष मोहित सिंगला सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल थे।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि, भारत के तेज़ विकास के साथ भोजन की भूमिका अब केवल सांस्कृतिक पहचान तक सीमित नहीं रह गई है। उन्होंने कहा कि भोजन आज भारत की सॉफ्ट पावर के साथ-साथ व्यापार, विकास और निर्यात का एक मजबूत माध्यम बन चुका है, जो निर्यातकों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) और विदेशी खरीदारों के लिए नए अवसर खोल रहा है। उन्होंने इस सम्मेलन को शेफ, आयातक, निर्यातक और नीति-निर्माताओं के बीच सहयोग का सशक्त मंच बताया।

मंत्री जितिन प्रसाद ने भारत की समृद्ध पाक परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के पास सदियों पुरानी सांस्कृतिक और पाक विरासत है। भारतीय भोजन केवल जीविका का साधन नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति और विविधता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत की भौगोलिक और सांस्कृतिक विविधता इतनी व्यापक है कि हर 50 किलोमीटर पर भोजन का स्वाद, व्यंजन और संस्कृति बदल जाती है, जो भारत को वैश्विक स्तर पर विशिष्ट बनाती है।

उन्होंने भारतीय स्टार्टअप्स की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए स्केलेबल और किफायती नवाचार समाधानों की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार नवाचार आधारित कृषि निर्यात इकोसिस्टम के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य भारत को दुनिया के शीर्ष कृषि निर्यातक देशों में शामिल करना है।

इस अवसर पर मंत्री जितिन प्रसाद ने एपीईडीए (Apeda) के भारती बिजनेस चैलेंज 2026 के कोहोर्ट घोषणा सत्र में भी भाग लिया। इस कार्यक्रम में पहले भारती कोहोर्ट के लिए चयनित शीर्ष 100 स्टार्टअप्स की घोषणा की गई। ये स्टार्टअप्स देश के 22 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश से चुने गए हैं, जो कृषि-खाद्य उत्पादों, निर्यात-सक्षम तकनीकों और एसपीएस (Sanitary and Phytosanitary) समाधानों पर काम कर रहे हैं। यह पहल भारत के कमोडिटी-आधारित निर्यात से उच्च-मूल्य और उच्च-गुणवत्ता वाले वैश्विक उत्पादों की ओर बढ़ते कदम को दर्शाती है। साथ ही, कार्यक्रम में शीर्ष 10 स्टार्टअप्स की भी घोषणा की गई, जिन्हें नवाचार, निर्यात तैयारी और वैश्विक क्षमता के उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया।

खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की प्रगति पर चर्चा करते हुए जितिन प्रसाद ने कहा कि भारत अब केवल घरेलू और पारंपरिक व्यंजनों तक सीमित नहीं है। उन्होंने बताया कि देश में लगभग 40,000 कृषि आधारित प्रसंस्करण इकाइयाँ पंजीकृत की जा चुकी हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सांस्कृतिक और पाक विरासत को बड़े पैमाने पर विकसित किए बिना अपेक्षित राजस्व मॉडल हासिल करना संभव नहीं है। सरकार का प्रमुख उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग तेज़ी से और टिकाऊ तरीके से आगे बढ़े।

मंत्री जितिन प्रसाद ने यह भी उल्लेख किया कि भारत की प्रसंस्करण क्षमताएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने हाल ही में लखनऊ को यूनेस्को द्वारा ‘गैस्ट्रोनॉमी सिटी’ का दर्जा मिलने को देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि भारत मसालों के उत्पादन में अग्रणी देशों में शामिल है, जहां लगभग 109 प्रकार के मसाले पाए जाते हैं। इनमें से कम से कम 60 किस्मों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त है, जिसने भारतीय व्यंजनों को वैश्विक पहचान दिलाई है और दुनिया भर में इसकी लोकप्रियता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।