शाहदरा की जाम समस्या विधानसभा में गूंजी, विधायक संजय गोयल ने क्या मुद्दा उठाया
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (09 January 2026): दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान शाहदरा विधानसभा क्षेत्र की वर्षों पुरानी और गंभीर समस्या एक बार फिर सदन में उठी। शाहदरा से विधायक संजय गोयल ने क्षेत्र में लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम और अधूरी सड़क परियोजना को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि रोड नंबर 58 और रोड नंबर 64, जो मेट्रो लाइन और फ्लाईओवर के अंडरब्रिज के नीचे से गुजरती हैं, लंबे समय से बदहाल हालत में हैं और इनके चौड़ीकरण की सख्त जरूरत है।
विधायक संजय गोयल ने सदन को बताया कि यह मामला वर्ष 2005 से न्यायालयों में लंबित है। इस दौरान माननीय उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से सड़क को पूरा करने और चौड़ी करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद आज तक 150 फुट चौड़ी प्रस्तावित लिंक रोड महज 27 फुट में सिमटी हुई है, जिससे इलाके में हर दिन भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि सड़क संकरी होने के कारण आम नागरिकों को ही नहीं, बल्कि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में देरी होती है, जिससे जान का खतरा तक पैदा हो जाता है। विधायक ने इसे सीधे तौर पर जनसुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।
संजय गोयल ने सड़क चौड़ीकरण के दौरान प्रभावित हुए फैक्ट्री मालिकों की समस्या भी मजबूती से उठाई। उन्होंने कहा कि जिन फैक्ट्रियों को तोड़ा गया, उन्हें आज तक न तो वैकल्पिक इंडस्ट्रियल प्लॉट मिला और न ही उचित मुआवज़ा दिया गया। फैक्ट्री मालिकों को केवल नाममात्र का मुआवज़ा दिया गया, जबकि जमीन और निर्माण का वास्तविक मूल्य कहीं अधिक था।
विधायक ने मांग की कि करीब 200 मीटर लंबी इस लिंक रोड को जल्द से जल्द 150 फुट चौड़ा किया जाए, ताकि यातायात सुचारू हो सके। साथ ही, प्रभावित फैक्ट्री मालिकों को उनका पूरा हक़, उचित मुआवज़ा और वैकल्पिक इंडस्ट्रियल प्लॉट तुरंत दिए जाएं। उन्होंने कहा कि इससे न केवल शाहदरा की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा, बल्कि लाखों लोगों को रोजाना ट्रैफिक जाम से राहत भी मिलेगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।