गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को दिल्ली में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया: सीएम रेखा गुप्ता
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (06 January 2025): दिल्ली विधानसभा में ‘गुरुदेव 350 प्रकाश वर्ष’ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सदन में अपने विचार रखे। उन्होंने ऐतिहासिक विधानसभा के सदन में उपस्थित अपने कैबिनेट सहयोगियों और सभी विधायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु तेग बहादुर साहब की शहादत को दिल्ली में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाने का सौभाग्य पूरी टीम के सहयोग से संभव हो सका।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महान समागम का श्रेय उन्हें दिया गया, इसके लिए वह सभी का धन्यवाद करती हैं, लेकिन यह सब गुरु साहब की मेहरबानी से ही संभव हुआ। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हुई चर्चाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के सहयोग और आश्वासन से ही इतने बड़े आयोजन को सुरक्षित और सफल तरीके से संपन्न किया जा सका, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
उन्होंने बताया कि लाल किले पर जब गुरबाणी के मधुर स्वर गूंजे और हजारों श्रद्धालु श्रद्धा में डूबे, वह क्षण दिल्ली के इतिहास में अविस्मरणीय बन गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गुरु साहब की शहादत और उनके सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम था।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली के स्कूलों में आयोजित कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया, जहां गुरु तेग बहादुर साहब की शहादत और बलिदान पर आधारित गतिविधियां कराई गईं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के स्कूलों के बच्चे गुरुद्वारों तक गए और अपनी संस्कृति, इतिहास और परंपराओं को सहेजने का संदेश लेकर लौटे।
उन्होंने कहा कि इतिहास और संस्कारों से जुड़ना हर समाज और पीढ़ी की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो समाज अपनी जड़ों को भूल जाता है, उसका वर्तमान और भविष्य कमजोर हो जाता है। गुरु तेग बहादुर साहब के महान बलिदान को सम्मान देना सरकार के लिए एक सेवा के समान था।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के बाद वह अपनी पूरी कैबिनेट टीम के साथ अमृतसर जाकर गुरु दरबार में शीश नवाने भी गईं, जहां सभी ने मिलकर गुरु साहब का शुकराना अदा किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके लिए आध्यात्मिक और भावनात्मक दोनों रूप से महत्वपूर्ण रही।
दिल्ली को ‘मिनी इंडिया’ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी देश के हर कोने से आने वाले करोड़ों लोगों की आस्था, संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करती है। दिल्ली सरकार हर समुदाय, हर राज्य और हर त्योहार को समान भाव से मनाने और सम्मान देने का प्रयास करती रही है।
उन्होंने कहा कि चाहे पूर्वांचल के पर्व हों, गुजरात दिवस, ओणम उत्सव, यमुना किनारे छठ पूजा या कर्तव्य पथ पर दिवाली—दिल्ली सरकार हर पर्व को केवल मनाती ही नहीं, बल्कि पूरे मन से जीती है। यही दिल्ली की विविधता और एकता की पहचान है।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली के गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए महाराजा अग्रसेन, पृथ्वीराज चौहान, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को याद किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है, जहां देश की विविध संस्कृतियां एक सूत्र में बंधी हैं।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने गुरु तेग बहादुर साहब को ‘हिंद की चादर’ बताते हुए कहा कि उन्होंने कश्मीरी पंडितों की धार्मिक स्वतंत्रता के लिए अपना शीश दिया, लेकिन सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उन्होंने दिल्लीवासियों को विश्वास दिलाया कि सरकार इसी तरह सेवा, सम्मान और एकता के भाव के साथ काम करती रहेगी और दिल्ली को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना से आगे बढ़ाएगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।