New Delhi News (05 January 2026): दिल्ली विधानसभा का चार दिवसीय शीतकालीन सत्र 5 जनवरी से 8 जनवरी तक आयोजित किया जा रहा है। सत्र के पहले दिन कार्यवाही की शुरुआत उपराज्यपाल के अभिभाषण से हुई। अभिभाषण के दौरान ही दिल्ली के बुराड़ी से आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने राजधानी में बढ़ते प्रदूषण के मुद्दे पर तत्काल चर्चा की मांग उठाई। जब उनकी मांग को स्वीकार नहीं किया गया तो संजीव झा ने सदन से वॉकआउट कर दिया, जिसके बाद आम आदमी पार्टी के सभी विधायकों ने भी उनके समर्थन में सदन का बहिष्कार किया।
सदन से बाहर आने के बाद आम आदमी पार्टी की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें विधायक संजीव झा ने सरकार और विधानसभा अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदूषण जैसे जनहित के मुद्दे पर सवाल उठाने की सजा के तौर पर चार विधायकों को तीन दिन के लिए निलंबित कर दिया गया। संजीव झा ने कहा कि जब दिल्ली की जनता की जान जा रही है, तब सवाल पूछना विपक्ष का कर्तव्य है, लेकिन सरकार सवालों से भाग रही है और जनप्रतिनिधियों को दंडित किया जा रहा है।
संजीव झा ने कहा कि दिल्ली के कुंडली से विधायक कुलदीप कुमार और सोमनाथ भारती जैसे नेताओं के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार से यह पूछना कि लोगों की जान गलत नीतियों की वजह से क्यों जा रही है, अगर अपराध है तो वे यह अपराध करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा जनता की सबसे बड़ी पंचायत है, जहां जनता से जुड़े हर मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन सरकार बहस से बच रही है।
AAP विधायक ने कहा कि पिछले तीन महीनों से दिल्ली की जनता गंभीर प्रदूषण से जूझ रही है। बच्चों और बुजुर्गों को लगातार अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। दिसंबर का महीना पिछले 12 वर्षों में सबसे अधिक प्रदूषित रहा और डॉक्टर इसे ‘क्रॉनिक प्रदूषण’ बता रहे हैं। कई मरीजों को वेंटिलेटर तक पर जाना पड़ा है, इसके बावजूद सरकार इस मुद्दे पर जवाब देने को तैयार नहीं है। संजीव झा ने कहा कि अगर उनके और उनके साथियों के बाहर जाने से दिल्ली का प्रदूषण खत्म हो सकता है तो वे खुशी-खुशी सदन से बाहर रहेंगे, लेकिन सच्चाई यह है कि इससे समस्या का समाधान नहीं होगा।
संजीव झा ने यह भी याद दिलाया कि उपराज्यपाल ने पहले दावा किया था कि अगर सरकार चाहे तो दिल्ली का 80 प्रतिशत प्रदूषण कम किया जा सकता है। सरकार को बने 10 महीने हो चुके हैं, लेकिन उस तथाकथित फार्मूले पर कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि विपक्ष की जिम्मेदारी है कि वह सरकार से जवाब मांगे कि वह फार्मूला कहां गया और अब तक प्रदूषण कम क्यों नहीं हुआ। आम आदमी पार्टी ने साफ किया कि वह दिल्ली की जनता की सेहत के सवाल पर चुप नहीं बैठेगी और सरकार से लगातार जवाब मांगती रहेगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।