धार्मिक स्थलों के 500 मीटर दायरे में मांस-मदिरा की दुकानों पर रोक की मांग

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली, (15 मार्च 2026): राजधानी दिल्ली में धार्मिक स्थलों के आसपास मांस और मदिरा की दुकानों के संचालन पर रोक लगाने की मांग उठी है। भगवान महावीर देशना फाउंडेशन के डायरेक्टर मनोज कुमार जैन ने इस संबंध में दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, महापौर सरदार राजा इक़बाल सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा तथा एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार से संज्ञान लेने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि यह विषय जनभावनाओं और धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

मनोज कुमार जैन ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी होने के साथ-साथ विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों का संगम भी है। यहां मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च सहित अनेक उपासना स्थलों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और प्रार्थना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे पवित्र स्थलों के आसपास का वातावरण शांत, स्वच्छ और श्रद्धापूर्ण बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली के कई इलाकों में धार्मिक स्थलों के आसपास मांस (नॉन-वेज) और मदिरा की दुकानें संचालित हो रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं और इन पवित्र स्थलों की गरिमा भी प्रभावित होती है। इसके साथ ही इन दुकानों से निकलने वाली गंदगी, दुर्गंध और अस्वच्छता आसपास के वातावरण को भी प्रभावित करती है, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ता है।

मनोज कुमार जैन ने प्रशासन से आग्रह किया कि राजधानी में मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च और अन्य उपासना स्थलों के 500 मीटर के दायरे में मांस और मदिरा की दुकानों के संचालन पर प्रतिबंध लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही जहां इस तरह की दुकानें पहले से संचालित हो रही हैं, उन्हें भी बंद कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने विश्वास जताया कि यदि इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लिया जाता है तो राजधानी में सभी धर्मों के प्रति सम्मान की भावना और मजबूत होगी तथा धार्मिक स्थलों की पवित्रता और गरिमा को बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।