दिल्ली बनेगा सुपर मेडिकल हब, सीएम रेखा गुप्ता ने की बड़ी घोषणा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (15 March 2026): रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में दिल्ली सरकार ने राजधानी के प्रमुख सरकारी अस्पतालों को एकीकृत कर सुपर मेडिकल हब विकसित करने का फैसला किया है। इस योजना के तहत गुरु तेग बहादुर अस्पताल, दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट और राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को मिलाकर एम्स की तर्ज पर एक स्वायत्त संस्थान बनाया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में राजधानी के चिकित्सा ढांचे को मजबूत बनाने, अस्पतालों के संसाधनों का समन्वित उपयोग करने और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पतालों के एकीकरण से डॉक्टरों, विशेषज्ञों और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों का बेहतर उपयोग संभव हो सकेगा।

अस्पतालों में उपलब्ध बिस्तरों और मरीजों के बढ़ते दबाव को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। आंकड़ों के अनुसार राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 650 बेड की क्षमता है, लेकिन फिलहाल केवल करीब 250 बेड ही उपयोग में हैं। वहीं दूसरी ओर गुरु तेग बहादुर अस्पताल और दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में मरीजों की संख्या क्षमता से अधिक है, जिसके कारण वहां स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ रहा है।

मरीजों के आंकड़ों के अनुसार गुरु तेग बहादुर अस्पताल की ओपीडी में हर साल लगभग 14 लाख मरीज आते हैं, जबकि करीब 95 हजार मरीज आईपीडी सेवाएं लेते हैं। दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में लगभग 1.27 लाख ओपीडी मरीज दर्ज किए गए हैं और राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में करीब 2.87 लाख मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि कुछ अस्पतालों पर अत्यधिक दबाव है, जबकि कुछ जगह संसाधनों का पूरा उपयोग नहीं हो पा रहा है।

नई व्यवस्था के तहत विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का अलग-अलग अस्पतालों में सुव्यवस्थित वितरण किया जाएगा। राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कार्डियोलॉजी, पल्मोनोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और नेफ्रोलॉजी जैसी सेवाओं को मजबूत किया जाएगा। वहीं दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट को कैंसर उपचार का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा, जबकि गुरु तेग बहादुर अस्पताल में ऑर्थोपेडिक्स, न्यूरोसर्जरी, जनरल सर्जरी और अन्य विभागों को और सशक्त किया जाएगा।

इसके साथ ही इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड एलाइड साइंसेज को भी बेंगलुरु के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरो साइंसेज की तर्ज पर ‘निमहंस-2’ के रूप में विकसित करने की योजना है। इस परियोजना के तहत संस्थान की खाली जमीन पर आधुनिक स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा, नई प्रयोगशालाएं, हॉस्टल और लेक्चर थिएटर बनाए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य है कि इन संस्थानों के एकीकरण से दिल्ली को चिकित्सा उत्कृष्टता का राष्ट्रीय केंद्र बनाया जाए।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।