New Delhi News (04 January 2026): राजधानी दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क के भीतर सक्रिय महिला पॉकेटमार गिरोह के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस गिरोह पर संगठित अपराध की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। यह मेट्रो में चोरी करने वाले महिला गिरोहों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई का दूसरा मामला बताया जा रहा है, जिससे मेट्रो यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सख्ती साफ नजर आती है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान कोमल (22), नेहा (22), योगिता (22) और गीता (45) के रूप में हुई है। सभी आरोपी आनंद पर्वत के फरीदपुरी ट्रांजिट कैंप की रहने वाली हैं। दिसंबर में आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास हुई एक चोरी की जांच के दौरान इस गिरोह का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने इन्हें दबोच लिया।
शिकायतकर्ता ने बताया था कि मेट्रो स्टेशन के पास उसका बटुआ चोरी हो गया था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पहले भारतीय न्याय संहिता की धारा 303 (चोरी) के तहत मामला दर्ज किया, बाद में गिरोह के संगठित तरीके से अपराध करने के सबूत मिलने पर धारा 112 (लघु संगठित अपराध) भी जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन और पर्स भी बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रत्येक गिरोह में चार से पांच महिलाएं शामिल होती थीं, जो एक साथ मेट्रो में सफर करती थीं। इनमें से तीन से चार महिलाएं यात्रियों का ध्यान भटकाती थीं या उन्हें भीड़ में घेर लेती थीं, जबकि एक सदस्य मौका पाकर मोबाइल फोन, पर्स और अन्य कीमती सामान चुरा लेती थी। इसी तरह का एक अन्य महिला गिरोह पिछले साल अगस्त में भी पकड़ा गया था, जो कई आपराधिक मामलों में शामिल था।
दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल 11 दिसंबर तक मेट्रो में महिलाओं द्वारा चोरी के 40 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 51 महिला आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और छह सक्रिय गिरोहों की पहचान की गई। मेट्रो में चोरियों पर लगाम लगाने के लिए महिला कर्मचारियों की तैनाती, भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर पैदल गश्त और चेहरे की पहचान प्रणाली जैसे उपाय लागू किए गए हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा मिल सके।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।