National News (26 December 2025): जिस उम्र में बच्चे सपने देखना शुरू करते हैं, उसी उम्र में बिहार के 14 वर्षीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) इतिहास रच रहे हैं। क्रिकेट के मैदान पर अपने विस्फोटक प्रदर्शन से देश-दुनिया का ध्यान खींचने वाले वैभव अब राष्ट्रपति भवन तक पहुंच चुके हैं। वीर बाल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें अपने हाथों से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
शुक्रवार को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति ने देशभर से चुने गए 20 असाधारण बच्चों को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। ये बच्चे 18 अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित किए गए हैं। इन्हीं में सबसे ज्यादा चर्चा में रहे बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी, जिनके लिए यह पल जीवन का सबसे यादगार क्षण बन गया।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार उन भारतीय बच्चों को दिया जाता है जिनकी उम्र 5 से 18 वर्ष के बीच होती है और जिन्होंने किसी क्षेत्र में असाधारण उपलब्धि हासिल की हो। इन बच्चों का चयन महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा किया जाता है। पुरस्कार पाने वाले बच्चों को गणतंत्र दिवस पर कर्तव्यपथ पर आयोजित परेड में शामिल होने का भी विशेष अवसर मिलता है।
इस पुरस्कार की कैटेगरी पहले छह थीं कला और संस्कृति, बहादुरी, नवाचार, शिक्षा, सामाजिक सेवा और खेल। अब इसमें विज्ञान और प्रौद्योगिकी को भी जोड़ा गया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के तहत विजेता को एक मेडल, प्रमाण पत्र और 1 लाख रुपये की नकद राशि दी जाती है।
वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट के मैदान पर कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं, जिन्होंने सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने आईपीएल में मात्र 35 गेंदों में शतक लगाकर तहलका मचा दिया था। वहीं विजय हजारे ट्रॉफी में केवल 36 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेले गए मैच में वैभव ने 84 गेंदों पर 190 रनों की विस्फोटक पारी खेली। वह लिस्ट-ए क्रिकेट में भारत के तीसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन चुके हैं।
राष्ट्रपति से सम्मान मिलने के बाद वैभव सूर्यवंशी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात न सिर्फ वैभव के लिए, बल्कि देश के लाखों युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक संदेश मानी जा रही है कि मेहनत और प्रतिभा को देश के सर्वोच्च स्तर पर पहचान मिलती है।
गौरतलब है कि वीर बाल दिवस हर साल 26 दिसंबर को मनाया जाता है। यह दिन गुरु गोविंद सिंह के चार साहिबजादों अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह की शहादत को समर्पित है। उनकी वीरता और बलिदान की स्मृति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।