MCD प्रॉपर्टी टैक्स में नया रिकॉर्ड बनने के करीब, 3200 करोड़ रुपये का लक्ष्य
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (26 December 2025): दिल्ली नगर निगम (MCD) के प्रॉपर्टी टैक्स विभाग चालू वित्तीय वर्ष में अब तक की सबसे बड़ी टैक्स रिकवरी की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, निगम इस साल नया रिकॉर्ड बनाने की दहलीज पर पहुंच चुका है। नवंबर 2025 तक एमसीडी प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में 2410 करोड़ रुपये की वसूली कर चुका है, जबकि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में अभी करीब चार महीने शेष हैं।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष के लिए प्रॉपर्टी टैक्स रिकवरी का लक्ष्य 3200 करोड़ रुपये तय किया गया है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इससे पहले वर्ष 2022-23 में एमसीडी ने 2402 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड रिकवरी की थी, जिसे अब पार किया जा चुका है।
एमसीडी कमिश्नर अश्विनी कुमार ने सभी संबंधित विभागों को आय के स्रोत बढ़ाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। खासतौर पर प्रॉपर्टी टैक्स विभाग को निगम की आय का सबसे अहम माध्यम बताते हुए उन्होंने टैक्स कलेक्शन में तेजी लाने पर जोर दिया है। कमिश्नर के मुताबिक, इस वर्ष लागू की गई सूनिया योजना से टैक्स वसूली में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
सूनिया योजना के तहत अब तक करीब 1.60 लाख प्रॉपर्टी मालिकों ने अपना बकाया या चालू प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराया है। इस योजना के जरिए एमसीडी को लगभग 250 से 300 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि योजना अभी जारी है और आने वाले महीनों में इससे और अधिक टैक्स कलेक्शन होने की उम्मीद है।
हालांकि, विभाग के रिकॉर्ड बताते हैं कि अभी भी करीब 2.50 से 3 लाख प्रॉपर्टी मालिकों ने टैक्स जमा नहीं कराया है। यदि ये सभी बकायेदार टैक्स अदा कर दें, तो निगम को अतिरिक्त 500 से 600 करोड़ रुपये की आमदनी हो सकती है। अधिकारियों के अनुसार, सरकारी प्रॉपर्टीज से टैक्स आमतौर पर मार्च के अंतिम दिनों में प्राप्त होता है।
टैक्स रिकवरी को और तेज करने के लिए प्रॉपर्टी टैक्स विभाग दिसंबर के मध्य से एसएमएस अभियान शुरू करने जा रहा है। इसके तहत प्रॉपर्टी मालिकों को टैक्स भुगतान की याद दिलाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग समय पर टैक्स जमा करें और बकाया राशि कम हो सके।
पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो एमसीडी की प्रॉपर्टी टैक्स रिकवरी में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। वर्ष 2018-19 में 1861 करोड़, 2019-20 में 1583 करोड़, 2020-21 में 1836 करोड़, 2021-22 में 2037 करोड़, 2022-23 में 2402 करोड़ और 2023-24 में 2137 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी। वहीं, वर्ष 2024-25 में अब तक 2400 करोड़ रुपये से अधिक की रिकवरी हो चुकी है, जिससे इस साल नया रिकॉर्ड बनने की पूरी संभावना जताई जा रही है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।