विश्व ब्राह्मण कल्याण परिषद का सामाजिक समरसता सम्मेलन, युवा सशक्तिकरण और संगठन विस्तार पर फोकस

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (26/12/2025): विश्व ब्राह्मण कल्याण परिषद द्वारा 25 दिसंबर 2025 को दिल्ली के अनूप वाटिका में आयोजित ‘ब्राह्मण सामाजिक समरसता सम्मेलन’ की रणनीतिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, सामाजिक भूमिका और वर्तमान चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर भारतरत्न पंडित मदन मोहन मालवीय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए उनके विचारों और योगदान को नमन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता परिषद के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने की। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज ऐतिहासिक रूप से सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक रहा है। आज की परिस्थितियों में समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौती युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास की है। यदि संगठन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस प्रयास करता है, तो समाज की विश्वसनीयता स्वतः सुदृढ़ होगी और युवाओं का विश्वास भी मजबूत होगा।

परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी डॉ. सतीश शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह परिषद किसी संगठन की प्रतिस्पर्धी नहीं है, बल्कि एक ‘अंब्रेला संगठन’ के रूप में देशभर के सभी ब्राह्मण संगठनों को एक मंच पर लाने, उन्हें संरक्षण देने और आपसी समन्वय स्थापित करने का कार्य करेगी। उन्होंने समाज से आत्ममंथन का आह्वान करते हुए कहा कि हर क्षेत्र में घटती सामाजिक साख को पुनः स्थापित करने के लिए संगठित प्रयास आवश्यक हैं। साथ ही, शुद्ध और प्रामाणिक कर्मकांड की परंपरा को संरक्षित रखने के लिए योग्य ब्राह्मणों को आवश्यक संसाधन और सहयोग उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी रखा गया।

प्रसिद्ध गायक मासूम शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को कलराज मिश्र के नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक क्षेत्र और राजनीति सहित हर क्षेत्र में प्रभावी भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि सशक्त नेतृत्व से ही समाज का भविष्य सुरक्षित होगा।

राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सीए शरद शर्मा ने जानकारी दी कि परिषद की सदस्यता शुल्क मात्र 101 रुपये निर्धारित की गई है। लक्ष्य रखा गया है कि मार्च 2026 तक देश के प्रत्येक जिले में कम से कम 1000 सक्रिय सदस्य जोड़े जाएं। इसी अवसर पर युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से एक ‘जॉब्स पोर्टल’ का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्घाटन कलराज मिश्र ने किया। सीए शरद शर्मा ने बताया कि यह पोर्टल उद्यमियों और बेरोजगार युवाओं के बीच सेतु का कार्य करेगा। उल्लेखनीय है कि यह पोर्टल कमलेश दुबे की टीम द्वारा समाज सेवा की भावना से निःशुल्क विकसित कर परिषद को समर्पित किया गया है।

राष्ट्रीय प्रचार मंत्री अरविंद भारद्वाज ने कहा कि समाज सेवा के सकारात्मक कार्यों के माध्यम से ही संगठन की स्वीकार्यता बढ़ेगी। उन्होंने मंच, माला और माइक से अधिक जमीनी कार्यों पर ध्यान देने की अपील की। इस अवसर पर पुनीत शर्मा और सत्या शर्मा ने सभी सामाजिक संस्थाओं से इस ‘सामाजिक यज्ञ’ में तन-मन-धन से योगदान देने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के सह-संयोजक सीए हरीश शर्मा ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जुड़ने की अपील की। बैठक के दौरान कलराज मिश्र का स्वागत कुलदीप भारद्वाज, अश्वनी शर्मा और अशोक शर्मा ने किया, जबकि मासूम शर्मा का स्वागत हरीश शर्मा, अरविंद भारद्वाज और शरद शर्मा द्वारा किया गया। विकास शर्मा (जींद) ने भी युवाओं को संगठन से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विश्व ब्राह्मण कल्याण परिषद की ओर से मीडिया प्रभारी मुकुल वाजपेयी (नोएडा) उपस्थित रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।