वीर बाल दिवस पर गौतमबुद्ध नगर में बाल पथ संचलन, साहिबज़ादों के अद्वितीय बलिदान को किया गया नमन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (25/12/2025): वीर बाल दिवस के अवसर पर बुधवार, 25 दिसंबर 2025 को ग्राम रोजा महादेवपुर से मंगल पांडे नगर, गौतमबुद्ध नगर तक भव्य बाल पथ संचलन का आयोजन किया गया। यह आयोजन बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझावर सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह सहित सिखों के दशम गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के समस्त परिवार के अमर बलिदान की स्मृति में संपन्न हुआ।
पथ संचलन में बड़ी संख्या में बाल स्वयंसेवकों ने अनुशासन और उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रचार प्रमुख, गौतमबुद्ध नगर, राकेश साहब के ओजस्वी एवं प्रेरणादायक मार्गदर्शन ने उपस्थित बाल स्वयंसेवकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। अपने संबोधन में उन्होंने चमकौर के युद्ध में बाबा अजीत सिंह और बाबा जुझावर सिंह द्वारा प्रदर्शित अदम्य साहस और वीरता का विस्तार से वर्णन किया, जहां 18 और 14 वर्ष की अल्प आयु में उन्होंने मुगलों की विशाल सेना का सामना करते हुए धर्म और राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने ने बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के महान त्याग पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार 7 और 9 वर्ष की उम्र में दोनों साहिबज़ादों ने धर्म की रक्षा का संकल्प लेते हुए मुगलों के सभी प्रलोभनों को ठुकरा दिया। धर्म परिवर्तन से इंकार करने पर उन्हें जीवित दीवार में चुनवा दिया गया, जो इतिहास में मुगल अत्याचारों की पराकाष्ठा के रूप में दर्ज है। उन्होंने माता गुजरी जी के साथ दिसंबर 1705 में दोनों साहिबज़ादों को ठंडे बुर्ज में कैद किए जाने और मानवता के विरुद्ध किए गए अमानवीय कृत्यों का भी उल्लेख किया।
अपने संदेश में राकेश साहब ने कहा कि आज के समाज को साहिबज़ादों के त्याग, धर्मनिष्ठा और कर्तव्यबोध से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि कलियुग में संगठन की शक्ति ही समाज और राष्ट्र को सुदृढ़ बनाने का आधार बनेगी।
कार्यक्रम नगर संचालक दुर्गेश ,प्रदीप , नगर कार्यवाह रामेंद्र तथा नगर कार्यकारिणी के सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता रणवीर सिंह सेन ने की, जबकि मुख्य शिक्षक अंश के मार्गदर्शन में घोष दल ने अनुशासनपूर्ण प्रस्तुति दी। पुलिस प्रशासन के सहयोग से पथ संचलन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजकों ने थाना बिसरख पुलिस प्रशासन एवं रोजा याकूब पुलिस प्रशासन की टीम का विशेष सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कुल 157 स्वयंसेवकों ने बाल पथ संचलन में भाग लेकर वीर बाल दिवस को श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।