अटल शताब्दी समापन पर दिल्ली भाजपा का दीपोत्सव, 14 जिलों में एक साथ जले श्रद्धा के दीप
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (25 दिसंबर, 2025): भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के जन्म शताब्दी वर्ष के समापन अवसर पर दिल्ली भाजपा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित प्रदेश मुख्यालय सहित राजधानी के सभी 14 जिला कार्यालयों में भव्य “दीपोत्सव” का आयोजन किया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलन किया और उनके विचारों को स्मरण किया।
प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा द्वारा दीप जलाकर की गई। अटल बिहारी वाजपेई के फूलों से सजे चित्र के समक्ष नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, एनडीएमसी सदस्य, कार्यक्रम संयोजक तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई केवल जनसंघ या भाजपा ही नहीं, बल्कि हर राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं के बीच समान रूप से लोकप्रिय थे। उनके चेहरे की स्थायी मुस्कान और ओजस्वी भाषण सभी विचारधाराओं के लोगों को आकर्षित करते थे। उन्होंने कहा कि 1991 से 2004 तक मुस्लिम बहुल लखनऊ से चुनाव जीतकर अटल जी ने यह सिद्ध किया कि वे समरसता और सर्वस्वीकार्यता के प्रतीक नेता थे।

प्रवेश साहिब सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेई युवा, प्रौढ़ और बुजुर्ग—हर आयु वर्ग के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत थे और रहेंगे। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के (Integral Humanism) विचारों को आत्मसात करते हुए राजनीति को समाज के अंतिम व्यक्ति के (Antyodaya) उत्थान का माध्यम बनाया।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई ने देश को पहली गैर-कांग्रेस स्थायी गठबंधन सरकार दी और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) जैसी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण भारत और किसानों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा। कार्यक्रम के अंत में यह भी बताया गया कि अटल जी के 101वें जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेश मुख्यालय में 101 दीपक जलाए गए और पूरे भवन को रोशनी से सजाया गया। इसी तरह सभी जिला कार्यालयों पर भी सांसदों, विधायकों, पार्षदों और पार्टी पदाधिकारियों ने दीप जलाकर अटल बिहारी वाजपेई को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।