New Delhi News (25 December 2025): दिल्ली में अब कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए, इसी संकल्प के साथ दिल्ली सरकार ने एक बड़ी सामाजिक पहल की शुरुआत की है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के अवसर पर आज से राजधानी में 100 ‘अटल कैंटीन’ खोली जा रही हैं। इन कैंटीनों में महज 5 रुपये में भरपेट, पौष्टिक और संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का कहना है कि यह योजना खास तौर पर गरीब, मजदूर, दिहाड़ी कामगार और जरूरतमंद लोगों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, ताकि हर वर्ग को सस्ती दर पर सम्मानजनक भोजन मिल सके।
मुख्यमंत्री करेंगी उद्घाटन, रोजाना एक लाख लोगों को लाभ का दावा
इन अटल कैंटीनों का औपचारिक उद्घाटन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुरुवार को करेंगी। दिल्ली सरकार का दावा है कि इस योजना से रोजाना करीब एक लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार ने इसके लिए लगभग 100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह योजना न सिर्फ भूख मिटाने का जरिया बनेगी, बल्कि सामाजिक समानता और मानवीय संवेदनाओं को भी मजबूत करेगी। सरकार इसे राजधानी के लिए एक स्थायी और भरोसेमंद फूड सिक्योरिटी मॉडल के रूप में विकसित करना चाहती है।
खाने का तय समय और क्षमता, पहले आओ–पहले पाओ व्यवस्था
शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने बताया कि सभी 100 अटल कैंटीन चरणबद्ध तरीके से शुरू की जा रही हैं। GRAP-4 की पाबंदियों के कारण कुछ जगहों पर तैयारियों में देरी हुई है, लेकिन प्रयास है कि पहले ही दिन अधिकतम कैंटीनों में भोजन उपलब्ध हो सके। दोपहर का भोजन सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक और रात का खाना शाम 6:30 बजे से रात 9 बजे तक दिया जाएगा। हर कैंटीन में एक समय में 500 लोगों को भोजन मिल सकेगा, यानी रोजाना एक कैंटीन से लगभग 1,000 लोग लाभान्वित होंगे।
बायोमेट्रिक टोकन और CCTV से होगी सख्त निगरानी
सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि कोई व्यक्ति एक से ज्यादा बार भोजन न ले सके। इसके लिए सभी कैंटीनों में बायोमेट्रिक टोकन आधारित सिस्टम लागू किया गया है। भोजन वितरण पूरी तरह ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगा। पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए हर अटल कैंटीन में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या गड़बड़ी को रोका जा सके। अधिकारियों के मुताबिक, यह सिस्टम योजना के सुचारु और निष्पक्ष संचालन में अहम भूमिका निभाएगा।
सेंट्रलाइज्ड किचन से आएगा पौष्टिक भोजन
अटल कैंटीनों में खाना पकाने की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए सेंट्रलाइज्ड किचन की व्यवस्था की गई है, जहां से भोजन तैयार होकर कैंटीनों तक पहुंचाया जाएगा। पांच-पांच कैंटीन को मिलाकर एक क्लस्टर बनाया गया है और जरूरत पड़ने पर एक ही सर्विस प्रोवाइडर को एक से अधिक क्लस्टर सौंपे जा सकते हैं। भोजन में मौसमी सब्जी, दाल, चावल, रोटी या चपाती और आचार शामिल होगा। कुछ दिनों में चावल के साथ राजमा या छोले भी परोसे जाएंगे। हर प्लेट में लगभग 600 ग्राम भोजन दिया जाएगा।
राजधानी के कई इलाकों में शुरू होंगी अटल कैंटीन
अटल कैंटीन के लिए दिल्ली के कई प्रमुख और जरूरतमंद इलाकों को चुना गया है। इनमें शाहबाद दौलतपुर, संजय कैंप बादली, खड्डा बस्ती समयपुर बादली, जहांगीरपुरी झुग्गी बस्ती, शालीमार बाग, तिमारपुर की इंदिरा बस्ती, लाल बाग, भीमनगर, उद्योग नगर, महिपालपुर का अर्जुन कैंप, ईस्ट सागरपुर, विकासपुरी का इंदिरा कैंप और वसंत विहार का भंवर सिंह कैंप शामिल हैं। सरकार का कहना है कि आने वाले समय में जरूरत के हिसाब से इन कैंटीनों की संख्या और स्थान दोनों बढ़ाए जा सकते हैं, ताकि कोई भी दिल्लीवासी भूखा न रहे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।