घना कोहरा बना बाधा: दिल्ली एयरपोर्ट से 97 फ्लाइट कैंसिल, 200 से ज्यादा लेट
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (21 December 2025): राजधानी दिल्ली में घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर साफ दिखाई दे रहा है। रविवार को कम विजिबिलिटी के चलते दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कुल 97 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं, जबकि 200 से अधिक उड़ानें देरी से संचालित हुईं। बीते दो दिनों से धूप नहीं निकलने और लगातार छाए कोहरे ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, रविवार को 48 आने वाली और 49 जाने वाली फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइट राडार 24 के अनुसार, 200 से ज्यादा फ्लाइट्स अपने निर्धारित समय से लेट रहीं और प्रस्थान करने वाली उड़ानों में औसतन 23 मिनट की देरी दर्ज की गई। इससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हालांकि, दोपहर करीब 12 बजे एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जारी एक पोस्ट में दिल्ली एयरपोर्ट ऑपरेटर डायल (DIAL) ने कहा कि फ्लाइट ऑपरेशन सामान्य रूप से जारी है। डायल देश के सबसे व्यस्त इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का संचालन करता है, जहां आमतौर पर रोजाना करीब 1,300 फ्लाइट्स का आवागमन होता है। बावजूद इसके, घने कोहरे के कारण पिछले कई दिनों से दिल्ली समेत अन्य एयरपोर्ट्स पर उड़ान सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
कोहरे के साथ-साथ दिल्ली की हवा भी बेहद खराब बनी हुई है। रविवार सुबह शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 386 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ‘समीर’ ऐप के अनुसार, दिल्ली के 16 निगरानी केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में रही, जबकि अन्य इलाकों में यह ‘बहुत खराब’ दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। सुबह 8:30 बजे आर्द्रता 91 प्रतिशत दर्ज की गई। आईएमडी ने अधिकतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है और मध्यम से घने कोहरे को देखते हुए राजधानी के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
इस बीच, दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा कि फिलहाल संचालन सामान्य है, लेकिन यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। इंडिगो एयरलाइंस ने भी कोहरे को लेकर एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि बदलते मौसम के कारण कुछ उड़ानों में देरी या कैंसिलेशन संभव है, इसलिए यात्री एयरपोर्ट जाने से पहले वेबसाइट या ऐप पर फ्लाइट स्टेटस जरूर जांच लें।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।