घने कोहरे और प्रदूषण की चपेट में दिल्ली-NCR, वीकेंड पर अलर्ट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (18 December 2025): दिल्ली-NCR में एक बार फिर घना कोहरा और प्रदूषण लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। राजधानी और आसपास के इलाकों में फॉग और स्मॉग के डबल अटैक से जनजीवन प्रभावित है। बुधवार के बाद गुरुवार सुबह भी दिल्ली के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। एम्स अस्पताल, मेहरौली-बदरपुर रोड और तुगलकाबाद जैसे इलाकों में धुंध के कारण सड़कें धुंधली नजर आईं। मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए 21 और 22 दिसंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

दिन में हल्की गर्माहट, रात में बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली में दोपहर के समय मौसम थोड़ा गर्म रह सकता है और अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं रात के समय तापमान गिरने से ठंड बढ़ेगी और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। आसमान में आंशिक बादल छाए रहने और सुबह-शाम कई इलाकों में हल्की से घनी धुंध की संभावना जताई गई है।

AQI में उछाल, हवा बेहद खराब श्रेणी में

राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। गुरुवार सुबह 7 बजे के आसपास AQI 345 से बढ़कर 378 तक पहुंच गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सुबह 7:15 बजे दिल्ली का औसत AQI 358 दर्ज किया गया। एनसीआर के फरीदाबाद में 342, गाजियाबाद में 335, गुरुग्राम में 352 और ग्रेटर नोएडा में 349 AQI रिकॉर्ड किया गया। खराब हवा के चलते बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

कोहरे से विजिबिलिटी घटी, वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह

सफदरजंग वेधशाला के अनुसार, बुधवार सुबह दृश्यता घटकर 700 मीटर तक दर्ज की गई थी, हालांकि दिन चढ़ने के साथ कोहरा कुछ हद तक छंट गया। अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री और न्यूनतम 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से अधिक है। आर्द्रता का स्तर 52 से 100 प्रतिशत के बीच रहा, जिससे कोहरा और स्मॉग लंबे समय तक बना रहा। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को खास तौर पर सुबह और देर रात के समय सावधानी बरतने की चेतावनी दी है।

अभी राहत नहीं, अगले 5 दिन रहेगा कोहरे का असर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 5 दिनों तक दिल्ली-NCR में कोहरे का असर बना रह सकता है। हालांकि न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री और अधिकतम 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जिससे कड़ाके की ठंड का अहसास कम रहेगा। दिसंबर के आधे से ज्यादा दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक दिल्ली में सामान्य कड़ाके की सर्दी नहीं पड़ी है, लेकिन घना कोहरा और प्रदूषण फिलहाल राहत के मूड में नहीं दिख रहे हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।