पटपड़गंज विधानसभा में भाजपा का संगठनात्मक संकल्प: ‘भ्रष्टाचार मुक्त विकास की नई शुरुआत’

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (12 जनवरी 2025): पटपड़गंज विधानसभा (Patparganj Vidhansabha) क्षेत्र में 10 जनवरी, शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) ने एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में भाजपा के उम्मीदवार रवीन्द्र सिंह नेगी (BJP Candidate Ravindra Singh Negi) सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार करना और पटपड़गंज की समस्याओं पर चर्चा करना था।

बैठक में दिल्ली प्रदेश महिला मोर्चा की मंत्री और पटपड़गंज की निगम पार्षद रेनू चौधरी ने कहा, “अब समय आ गया है कि पटपड़गंज में बदलाव लाया जाए। भाजपा की सरकार आने से न केवल क्षेत्र का विकास होगा, बल्कि भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगेगी। पिछले 12 सालों से दिल्ली में जनता भ्रष्टाचार का सामना कर रही है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक नई विकास यात्रा शुरू होगी।”

भाजपा उम्मीदवार रवीन्द्र सिंह नेगी ने अपने संबोधन में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) को झूठी पार्टी बताते हुए कहा, “आप सरकार ने जनता को सिर्फ धोखा दिया है। 12 साल में न तो साफ पानी दिया गया, न ही प्रदूषण कम करने के लिए कोई ठोस कदम उठाए गए। हमारे कार्यकर्ता घर-घर जाकर बताएंगे कि अरविंद केजरीवाल की सरकार ने क्या-क्या वादे किए और उन्हें कैसे पूरा नहीं किया।”

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब में भी आप सरकार ने महिलाओं को ₹1000 देने का वादा किया था, लेकिन आज तक वह वादा पूरा नहीं हुआ। “दिल्ली के लोग इस झूठ से बचें और भाजपा पर विश्वास करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो भी गारंटी दी है, उसे पूरा किया है। दिल्ली में भाजपा की सरकार बनते ही गरीबों के लिए राशन कार्ड खुलेंगे, महिलाओं को सम्मान मिलेगा, और 200 यूनिट बिजली की सीमा 300 यूनिट तक बढ़ाई जाएगी।”

मयूर विहार महिला मोर्चा की अध्यक्ष सुनीता गर्ग ने कहा, “पटपड़गंज में भाजपा की जीत तय है। यहां कोई टक्कर नहीं है। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने इस क्षेत्र को केवल सीवर और गंदे पानी की समस्या दी है। आम आदमी पार्टी महिला विरोधी है और उनकी सरकार ने महिलाओं के हित में कुछ भी नहीं किया। उल्टा, शराब के ठेके खोलकर महिलाओं के जीवन को और कठिन बना दिया है।”

उन्होंने मनीष सिसोदिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा, “उन्होंने पटपड़गंज के विकास के लिए कुछ नहीं किया। स्कूल खोलने की बातें झूठ हैं और क्षेत्र में शिक्षा को कोई प्राथमिकता नहीं दी गई। अब जनता बदलाव के लिए तैयार है और भाजपा को ही विकल्प मानती है।”

संगठनात्मक बैठक में भाजपा नेताओं ने स्पष्ट रूप से जनता के हितों और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। रवीन्द्र सिंह नेगी और अन्य नेताओं ने जनता से अपील की कि वे भाजपा का समर्थन करें ताकि पटपड़गंज को एक बेहतर भविष्य दिया जा सके।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।