मनरेगा का नाम बदलने पर अखिलेश यादव का हमला, कहा– नाम बदलने से नहीं, काम बढ़ाने से होगा गरीबों का भला
टेन न्यूज नेटवर्क
NATIONAL News (17/12/2025): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से जुड़ी योजनाओं को बदलने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने देश की आज़ादी में सबसे बड़ी भूमिका निभाई और समाज को एकजुट कर देश की आत्मा को जगाया, लेकिन मौजूदा सरकार गांधी जी के नाम से जुड़ी योजनाओं के नाम बदलकर उनकी विरासत को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
मनरेगा का नाम बदले जाने के विरोध में मंगलवार को संसद परिसर में विपक्षी दलों द्वारा किए गए प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के पास जनता के लिए कोई नया काम नहीं है, इसलिए वह पुरानी योजनाओं के नाम बदलने में लगी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के भीतर न आत्मा है और न सत्य, वे न महात्मा गांधी में विश्वास कर सकते हैं और न ही परमात्मा में।
अखिलेश यादव ने गांधी जी के ‘सत्य के प्रयोग’ का जिक्र करते हुए कहा कि आज की राजनीति में सत्य के खिलाफ असत्य का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग राम-नाम को शक्ति बताते हैं, वही लोग गांधी जी का नाम मिटाकर रामराज्य की बात करते हैं, जबकि हकीकत में उनका रास्ता पतन की ओर जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने मनरेगा को गरीबों की जीवनरेखा बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार राज्यों पर खर्च का बोझ डालकर इस योजना को धीरे-धीरे खत्म करना चाहती है। उन्होंने याद दिलाया कि भाजपा नेता पहले ही मनरेगा को “स्मारक” बता चुके हैं, जिससे उनकी मंशा साफ झलकती है।
नाम बदलने की राजनीति पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने सबसे ज्यादा योजनाओं और स्थानों के नाम बदले हैं और अब यही नीति दिल्ली में भी अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार केवल नाम बदलने में लगी है, जबकि जनता की असली समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने व्यंग्य में कहा कि भाजपा के लोगों को तो अपना भी नाम बदल लेना चाहिए।
अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि नाम बदलने से किसान और मजदूर को क्या फायदा होगा। उन्होंने मांग की कि सरकार बताए कि मनरेगा में काम के दिनों की संख्या 200 या 250 क्यों नहीं बढ़ाई जा रही। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा भेदभाव हो रहा है, खासकर जाति के आधार पर, और यह सरकार संविधान की भावना के अनुरूप काम नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि जब भाजपा कमजोर होती है तो वह ज्यादा धार्मिक और साम्प्रदायिक राजनीति करने लगती है, लेकिन नाम बदलने की यह राजनीति ज्यादा समय तक नहीं चलने वाली।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।