Greater Noida News (16/12/2025): ग्रेटर नोएडा के अट्टा फतेहपुर गांव में यमुना विकास प्राधिकरण के अधीन आने वाली मुख्य सड़क इन दिनों जलभराव का शिकार बनी हुई है। सड़क पर लगातार भरे पानी के कारण गांववासियों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि पैदल निकलना भी चुनौती बन गया है, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को हर दिन खतरे के बीच सफर करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लंबे समय से पानी जमा है, जिससे कीचड़ और फिसलन फैल गई है। गड्ढों में भरा पानी दुर्घटनाओं को दावत दे रहा है। कई बार वाहन फिसलने से लोग चोटिल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
गांव के निवासियों का कहना है कि, जलभराव की वजह से सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है। स्कूल जाने वाले बच्चों को गंदे पानी से होकर निकलना पड़ता है, जबकि बुजुर्गों के फिसलने का डर बना रहता है। महिलाओं को रोजमर्रा के कामों के लिए बाहर निकलने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, सर्दियों के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है। ठंडा पानी, कीचड़ और गंदगी से संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। मच्छरों के पनपने से स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी गहराती जा रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर वे यमुना विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों की उदासीनता से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
गांववासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई और सड़क की मरम्मत नहीं हुई, तो वे मजबूरन धरना-प्रदर्शन और आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करें और स्थायी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि गांव के लोगों को राहत मिल सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।