किसानों को मिलेगा मखाना का गुणवत्तापूर्ण बीज, नेशनल मखाना बोर्ड की पहली बैठक में कई अहम फैसले

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (13 December 2025): किसानों को मखाना की खेती में बेहतर उत्पादन और आय सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नेशनल मखाना बोर्ड की पहली बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि देशभर के किसानों को मखाना का गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराया जाएगा। यह बैठक नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में आयोजित हुई, जिसमें मखाना क्षेत्र से जुड़े विकास, अनुसंधान और प्रशिक्षण से संबंधित कई अहम एजेंडों पर मुहर लगी।

बैठक में यह तय किया गया कि मखाना बीज की गुणवत्ता सुधारने और उसकी नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कृषि विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों की भूमिका को मजबूत किया जाएगा। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर सहित अन्य संस्थानों को इस कार्य में सक्रिय भागीदारी दी जाएगी, ताकि वैज्ञानिक पद्धति से बीज उत्पादन हो और किसानों तक भरोसेमंद बीज पहुंचे। इससे मखाना उत्पादन की लागत घटेगी और उत्पादकता बढ़ेगी।

नेशनल मखाना बोर्ड ने यह भी निर्णय लिया कि मखाना उत्पादन से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार दिया जाएगा। किसानों के साथ-साथ प्रशिक्षकों (ट्रेनर्स) को भी मखाना मूल्य श्रृंखला की नवीनतम तकनीकों—जैसे उत्पादन, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग, ड्राइंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग—का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए राजेंद्र केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा को मखाना प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

बैठक में मखाना क्षेत्र में मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग और बाजार विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। बुनियादी ढांचे के विकास, प्रोसेसिंग यूनिट्स की स्थापना और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने से जुड़े प्रस्तावों पर भी सहमति बनी। इससे किसानों को सीधे बाजार से जोड़ने, बेहतर कीमत दिलाने और नए रोजगार अवसर सृजित करने में मदद मिलेगी।

केंद्र सरकार ने मखाना क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वित्तीय प्रतिबद्धता भी दोहराई। वर्ष 2025-26 से 2030-31 तक लागू होने वाली केंद्रीय मखाना विकास योजना के तहत 476.03 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न परियोजनाएं संचालित की जाएंगी। इन फैसलों से मखाना उत्पादक राज्यों, खासकर बिहार, में किसानों की आय बढ़ाने और मखाना को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में नई गति मिलने की उम्मीद है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।