दिल्ली पुलिस का साइबर ठगों के विरुद्ध निर्णायक प्रहार, 48 घंटों के ऑपरेशन में क्या मिला?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (13 December 2025): साइबर फ्रॉड के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए ऑपरेशन ‘CyHawk 2.0’ के तहत दो दिन तक लगातार छापेमारी की। इस अभियान के दौरान दिल्ली-एनसीआर और अन्य राज्यों में फैले साइबर ठगों के नेटवर्क पर सीधा हमला किया गया। 48 घंटे चले इस ऑपरेशन में पुलिस ने कुल 7015 संदिग्धों से पूछताछ की, जिससे साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में 1146 लोगों को गिरफ्तार या बाउंड डाउन किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह आंकड़ा पिछले महीने चलाए गए ‘CyHawk 1.0’ की तुलना में लगभग दोगुना है। इसके साथ ही 163 प्रतिशत ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जबकि 125 प्रतिशत अधिक मुकदमे दर्ज किए गए हैं। यह साफ संकेत है कि साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।

ऑपरेशन की खास बात यह रही कि इस बार ठगों के सिर्फ कॉल सेंटर या एजेंट नहीं, बल्कि उनके म्यूल अकाउंट्स, बिचौलिया हैंडलर्स और अवैध फाइनैंशल चैनलों को भी निशाना बनाया गया। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को अपराधियों से जोड़ने में भी बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दावा किया कि इस बार 110 प्रतिशत ज्यादा मामलों को आपस में लिंक किया गया, जिससे ठगी के नेटवर्क की पूरी चेन सामने आई।

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि 10 और 11 दिसंबर को चले इस विशेष अभियान में 5,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने एक साथ दिल्ली और अन्य राज्यों में छापेमारी की। इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर एक साथ कार्रवाई करना अपने आप में एक बड़ी रणनीतिक सफलता मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस अभियान से साइबर ठगी से जुड़े कई बड़े गिरोह कमजोर पड़े हैं।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने कहा कि साइबर फ्रॉड को जड़ से खत्म करना दिल्ली पुलिस का संकल्प है। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधियों को सहारा देने वाले फाइनैंशल नेटवर्क पर सीधा वार कर यह संदेश दिया गया है कि अब ऐसे अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। सीपी ने दो टूक कहा कि ‘साइबर सुरक्षित दिल्ली और साइबर रेसिलिएंट भारत’ बनाना दिल्ली पुलिस की प्राथमिकता है और आने वाले समय में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।