छत पर खेल रही 13 वर्षीय बच्ची हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई, हाथ-पैर की उंगलियां खोईं

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (09/12/2025): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के अच्छेजा बुजुर्ग गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। घरों के बिल्कुल ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर 13 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि डॉक्टरों को उसका एक हाथ और पैर की दो उंगलियां काटनी पड़ीं। करीब आठ महीने बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर बिजली विभाग के अज्ञात अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

घटना 2 अप्रैल 2025 की है, जब जारा नाम की बच्ची अपने मामा शान मोहम्मद के घर आई हुई थी। परिजनों के अनुसार, जारा अपनी मौसी के घर की छत पर खड़ी थी, तभी उसके ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन का अचानक संपर्क हो गया। तेज करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गई और मौके पर ही गिर पड़ी। परिवार उसे तत्काल अस्पताल ले गया, जहां कई दिनों तक चले इलाज के दौरान एक हाथ और पैर की दो उंगलियां काटनी पड़ीं।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से हाईटेंशन लाइन घरों के बेहद नजदीक से गुजर रही है। इस संबंध में बिजली विभाग को कई बार शिकायत दी गई थी, लेकिन विभाग की ओर से न तो लाइन को शिफ्ट किया गया और न ही कोई सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए। परिजनों का कहना है कि विभाग की यही लापरवाही इस दर्दनाक दुर्घटना की वजह बनी।

लंबी कानूनी प्रक्रिया और उपचार के बाद अब बच्ची की मां की ओर से दनकौर कोतवाली में तहरीर दी गई। पुलिस ने सोमवार को बिजली विभाग के अज्ञात अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हादसे से जुड़े सभी तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं की जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। संबंधित बिजली विभाग से टेन न्यूज नेटवर्क ने प्रतिक्रिया के लिए संपर्क करने का प्रयास किया है। विभाग की ओर से जवाब मिलने पर उसका पक्ष भी खबर में शामिल किया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।