Delhi Pollution को लेकर बीजेपी- कांग्रेस आमने- सामने: सीएम के बयान पर देवेंद्र यादव का पलटवार

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (08 दिसंबर, 2025): दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के हालिया बयान “27 साल का गंद है प्रदूषण, हमें 27 महीने तो दो” को ग़ैर-जिम्मेदाराना, अदूरदर्शी और अपनी जिम्मेदारियों से बचने वाला बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग बहाने नहीं, समाधान चाहते हैं, लेकिन भाजपा सरकार ने पिछले दस महीनों में प्रदूषण नियंत्रण को इवेंट मैनेजमेंट से आगे नहीं बढ़ाया।

देवेंद्र यादव ने कहा कि 2014 से केंद्र में भाजपा की सरकार है, 2007 से 2022 तक दिल्ली नगर निगम भी बीजेपी के पास रहा, और अब आठ महीनों से दोबारा निगम और दस महीनों से दिल्ली की सत्ता भी उनके हाथ में है। “इतना लंबा शासन बीजेपी के पास होने के बावजूद दिल्ली की हवा आज भी जहरीली है। अगर 27 साल का प्रदूषण ‘विरासत’ है, तो वह भी बीजेपी की ही विरासत है,” उन्होंने कहा।

कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि चुनावों से पहले रेखा गुप्ता ने सत्ता में आते ही प्रदूषण का समूल निवारण करने का वादा किया था, फिर आज समय सीमा की मांग क्यों की जा रही है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी के घोषणा पत्र में ‘समय माँगना’ नहीं, प्रदूषण खत्म करने का वादा लिखा था अब मुख्यमंत्री जिम्मेदारी से पीछे क्यों हट रही हैं?

देवेंद्र यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी के 11 वर्षों के शासन ने दिल्ली के बुनियादी ढांचे को ध्वस्त किया, जबकि कांग्रेस के शासन में दिल्ली विश्वस्तरीय शहर बनी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP ने प्रदूषण, नागरिक सुविधाओं, पेंशन, राशन कार्ड, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाओं की अनदेखी कर भ्रष्टाचार को प्राथमिकता दी।

मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए बयान “प्रदूषण जादू की छड़ी से खत्म नहीं होगा” पर प्रतिक्रिया देते हुए यादव ने कहा कि जब सरकार स्वयं कहती है कि वजह आबादी, ट्रैफिक, डस्ट और ओपन बर्निंग जैसी समस्याएँ हैं, तो फिर इन आधारों पर ठोस कार्रवाई क्यों नहीं दिखाई दे रही? “कूड़े के पहाड़ों पर जाकर यह कहना कि ‘तुम्हें हटना होगा’, तो फिर प्रदूषण के मामले में ऐसी दृढ़ता क्यों नहीं?” उन्होंने पूछा।

अंत में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार, नगर निगम और उपराज्यपाल सभी जब एक ही दल के नियंत्रण में हैं, तब मुख्यमंत्री का असहाय और बचावपूर्ण रुख सिर्फ जिम्मेदारी से पलायन है। दिल्ली को समाधान चाहिए, सफाई नहीं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।