Nikki Murder Case: आरोपी जेठ रोहित भाटी की जमानत याचिका खारिज

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (06/12/2025): ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में हुई निक्की भाटी की दर्दनाक मौत के मामले में सत्र न्यायालय ने शुक्रवार को एक अहम फैसला सुनाया। आरोपी जेठ रोहित भाटी की जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद अदालत ने उसे खारिज कर दिया। कोर्ट ने अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलों, चार्जशीट में शामिल साक्ष्यों तथा गवाहों के बयान को गंभीरता से देखते हुए यह फैसला दिया।

निक्की के परिजनों की ओर से अधिवक्ता उदय सिंह तोगड़ और दिनेश कुमार कलसन ने अदालत के सामने विस्तार से बताया कि यह हत्या अचानक नहीं हुई, बल्कि पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा थी। उनका कहना था कि इस षड्यंत्र में आरोपी पति विपिन के साथ-साथ उसका पूरा परिवार शामिल था। कासना कोतवाली पुलिस पहले ही घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ 500 से अधिक पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर चुकी है, जिसमें हत्या को योजनाबद्ध बताया गया है।

पुलिस ने चार्जशीट में तीन महत्वपूर्ण गवाहों—निक्की की बहन कंचन, उसके पति विपिन, और निक्की के बेटे—के बयान शामिल किए हैं।
कंचन का बयान: कंचन ने पुलिस को बताया कि 21 अगस्त की शाम निक्की को उसके पति विपिन ने पहले पीटा और फिर थिनर डालकर आग लगा दी। उस समय सास दया, ससुर सत्यवीर और जेठ रोहित भी मौके पर मौजूद थे। कंचन ने जांच टीम को तीन वीडियो क्लिप और एक स्क्रीनशॉट भी दिए, जिन्हें महत्वपूर्ण सबूत माना गया है।

पति विपिन की स्वीकारोक्ति: जांच के दौरान आरोपी पति ने कबूल किया कि वही थिनर की बोतल लेकर कमरे में गया और निक्की के ऊपर थिनर डालकर आग लगाई। लाइटर उसने अपनी मां से लिया और वारदात को अंजाम दिया। बाद में थिनर की खाली बोतल को सिरसा-डिक्सन रोड के तिराहे पर झाड़ियों में फेंक दिया, जिसे पुलिस ने 24 अगस्त को बरामद किया।

निक्की के बेटे का बयान: निक्की के छोटे बेटे ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी आंखों से देखा—मां के साथ पहले मारपीट हुई, फिर पापा ने कुछ छिड़का और लाइटर से आग लगा दी। आग लगाने के बाद वह पड़ोसी की छत से कूदकर फरार हो गया।

फोर्टिस अस्पताल द्वारा शुरुआती रिपोर्ट में निक्की के जलने का कारण ‘सिलेंडर ब्लास्ट’ बताया गया था, लेकिन पुलिस जांच ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया। जांच टीम ने घर के हर हिस्से—रसोई, बिस्तर, आंगन और गैस चूल्हे—का निरीक्षण किया, लेकिन ब्लास्ट का एक भी सबूत नहीं मिला।
टीम ने इसे अस्पताल का बिना आधार का दावा बताते हुए चार्जशीट में स्पष्ट रूप से अस्वीकार किया।

जांच में सामने आया कि निक्की अपने मायके की बहन कंचन के साथ मिलकर बुटीक और ब्यूटी पार्लर चलाती थी। दोनों बहनें सोशल मीडिया पर भी सक्रिय थीं—यह बात विपिन को पसंद नहीं थी। निक्की के मामा राज सिंह ने पुलिस को बताया कि विवाह के बाद ससुराल पक्ष लगातार 35 लाख रुपये की मांग करता था और दोनों बहनों को प्रताड़ित किया जाता था। कई बार पंचायतें हुईं, पर हालात नहीं बदले।

कंचन ने कहा कि जिस दिन घटना हुई, वह निक्की को बचाने पहुंची तो विपिन ने उस पर भी हमला कर दिया। उसके गले पर कई मुक्के मारे गए, जिससे वह बेहोश हो गई। तभी निक्की को जिंदा जला दिया गया। पड़ोसियों ने चीख सुनकर पहुंचकर आग पर काबू पाया और निक्की को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वह बच नहीं सकी। निक्की की मौत के बाद क्षेत्र में गहरा आक्रोश है। शनिवार को कासना में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और “जस्टिस फॉर निक्की बहन” के नारे लगाकर धरना दिया। लोगों का कहना था कि आज निक्की के साथ हुआ, कल किसी और बेटी के साथ भी हो सकता है। परिवार और ग्रामीणों ने दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग दोहराई।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।