Indigo के ऑपरेशन में ‘Turbulence’ से गहराया संकट, IGI एयरपोर्ट से एक भी फ्लाइट नहीं भरेगी उड़ान

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (05 December 2025): देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो इस समय गंभीर ऑपरेशनल संकट से जूझ रही है, जिसका असर सीधे यात्रियों पर पड़ रहा है। शुक्रवार सुबह से शुरू हुए इस व्यवधान के कारण दोपहर तक देश भर में 600 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं। दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु जैसे बड़े एयरपोर्ट्स पर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। यात्रियों और क्रू मेंबर्स के बीच विवाद की खबरें भी सामने आईं, जिससे अव्यवस्था और बढ़ गई।

दिल्ली एयरपोर्ट पर स्थिति सबसे ज्यादा बिगड़ी नजर आई। यहां अकेले इंडिगो एयरलाइन की 225 फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा और इस बाबत नया अपडेट जारी हुआ कि आधी रात तक दिल्ली से इंडिगो की एक भी उड़ान नहीं उड़ेगी। इस फैसले ने यात्रियों में और चिंता बढ़ा दी। हजारों लोग एयरपोर्ट पर घंटों फंसे रहे, कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें रद्दीकरण की जानकारी अंतिम समय पर मिली।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) ऑथोरिटी ने यात्रियों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए एक विशेष एडवाइजरी जारी की। इसमें कहा गया कि तकनीकी और ऑपरेशनल चुनौतियों के कारण उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा है, जिससे देरी और रद्द होने की घटनाएं तेज़ी से बढ़ी हैं। प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति अनिवार्य रूप से एयरलाइन से जांच लें।

एयरपोर्ट प्राधिकरण के अनुसार, समस्या से निपटने के लिए विशेष टीमें एयरलाइंस और अन्य भागीदारों के साथ मिलकर काम कर रही हैं। ऑन-ग्राउंड स्टाफ लगातार भीड़ को संभालने, जानकारी उपलब्ध कराने और व्यवस्था बनाए रखने में जुटा हुआ है। एयरपोर्ट ऑथोरिटी ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि स्थिति सामान्य करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया कि मौजूदा हालात में उड़ान समय-सारणी में अचानक बदलाव संभव हैं। यही वजह है कि यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचें और केवल आधिकारिक स्रोतों जैसे एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या ग्राहक सेवा पर भरोसा करें। एयरपोर्ट ऑथोरिटी ने कहा कि भीड़ और तनाव के बावजूद वह यात्रियों की सुविधा के लिए हर स्तर पर सहयोग कर रहा है।

देशभर में रद्द हुई उड़ानों की संख्या भी चिंताजनक है। शुक्रवार को दिल्ली से 225, मुंबई से 104, हैदराबाद से 92, बेंगलुरु से 102, चेन्नई से 31, पुणे से 22 और श्रीनगर से 10 उड़ानें रद्द की गईं। इतनी बड़ी संख्या में उड़ानों के रद्द होने से हजारों पैसेंजर्स ने अपनी यात्रा योजनाएं बदलनी पड़ीं और कई लोग एयरपोर्ट पर ही फंसे रहे।

प्रतिक्रिया देते हुए इंडिगो के सीईओ ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में समय पर उड़ान संचालन संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने माना कि ऑपरेशनल चुनौतियां उम्मीद से ज्यादा गंभीर हैं और इन्हें सुधारने में अभी समय लगेगा। सीईओ ने यात्रियों से अपील की कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पूर्व फ्लाइट स्टेटस जरूर जांचें। स्थिति को सामान्य करने के लिए 24×7 प्रयास जारी रखे हुए है, लेकिन अभी संकट टलने के आसार कम दिख रहे हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।