दिल्ली को स्वच्छ बनाने को लेकर एक्शन में दिल्ली सरकार, शहरी विकास मंत्री ने किया निरीक्षण

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (04 December 2025): दिल्ली को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लक्ष्य को मजबूत करते हुए शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने हरि नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 99 में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। उन्होंने FCTS प्वाइंट, सब्ज़ी मंडी के पास, नांगल राया, मंगल पांडे मार्ग, माया एन्क्लेव के सामने, पीली कोठी और JJ क्लस्टर स्थित कई गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (GVP) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ ढलान पॉइंट्स की स्थिति संतोषजनक नहीं है और वहाँ कॉम्पैक्ट ट्रांसफर स्टेशन (FCTS) की तत्काल आवश्यकता है ताकि कचरा प्रबंधन में सुधार लाया जा सके।

जर्जर सब-स्टेशन और कूड़ा घर की खामियां उजागर

सब्ज़ी मंडी के पास निरीक्षण करते समय मंत्री सूद ने देखा कि कूड़ा घर के पास BSES का एक जर्जर सब-स्टेशन स्थित है, जो दुर्घटना का खतरा बढ़ा रहा था। उन्होंने BSES और MCD अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए सब-स्टेशन की मरम्मत और आसपास बने गड्ढों को भरकर क्षेत्र को सुरक्षित बनाने का निर्देश दिया। साथ ही, कूड़ा घर के चारों ओर दीवार बनाने के आदेश दिए ताकि कचरा बाहर न फैल सके और इलाके की स्वच्छता बनी रहे।

माया एन्क्लेव में रात में कूड़ा फेंके जाने की शिकायत

मंगल पांडे मार्ग और माया एन्क्लेव के सामने स्थानीय निवासियों ने बताया कि बंद किए जाने के बावजूद कुछ लोग रात के समय वहां कूड़ा फेंक रहे हैं। इस पर मंत्री ने MCD अधिकारियों को रात में सिविल डिफेंस कर्मचारियों को तैनात करने के आदेश दिए, ताकि अवैध कचरा फेंकने पर रोक लग सके। उन्होंने कहा कि कूड़े के अनियंत्रित निस्तारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

JJ क्लस्टर में अव्यवस्थित कचरा प्रबंधन पर लगाई फटकार

पीली कोठी और JJ क्लस्टर के पास निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि कचरा संग्रहण और सफाई की व्यवस्था बेहद खराब है। MCD अधिकारियों ने जानकारी दी कि क्षेत्र में नौ टिप्पर कचरा उठाने के लिए लगाए गए हैं, लेकिन व्यवस्था फिर भी प्रभावी नहीं है। इस पर मंत्री सूद ने सफाई निरीक्षकों और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सफाई कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी टिप्परों के नंबर, ड्राइवरों के नाम और रूट प्लान की सूची तुरंत उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

‘टकराव नहीं, सहयोग’ की नीति पर जोर

निरीक्षण के बाद मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य टकराव नहीं, बल्कि समन्वय और समाधान को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राज्य सरकार और नगर निगम मिलकर राजधानी को साफ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहरी विकास विभाग आवश्यकतानुसार MCD को वित्तीय सहायता और संसाधन उपलब्ध कराने में पूर्ण सहयोग करेगा। GVP पर ऐसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जहां स्रोत पर ही कचरे का पृथक्करण और उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

10 दिन बाद दोबारा निरीक्षण, जनता को बेहतर सेवाओं का आश्वासन

मंत्री सूद ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि 10 दिन बाद सभी स्थानों का पुनः निरीक्षण किया जाएगा और साफ-सफाई की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों को भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सुविधाओं के विस्तार के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है। सभी विभाग एकजुट होकर राजधानी को स्वच्छ, स्वस्थ, आधुनिक और नागरिक-सुविधा युक्त बनाने के मिशन पर कार्यरत हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।