दिल्ली पॉल्यूशन और यमुना में गंदगी को लेकर राज्य सभा में स्वाति मालीवाल के तीखे प्रश्न

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (04 December 2025): दिल्ली में बढ़ता वायु प्रदूषण दिवाली के बाद से पूरे देश में चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है। ऐसे में 1 दिसंबर से शुरू हुए संसद के शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे का उठना स्वाभाविक था। गुरुवार को सत्र के चौथे दिन राज्य सभा में दिल्ली की हवा और यमुना जल प्रदूषण का मुद्दा आम आदमी पार्टी की राज्य सभा सांसद स्वाति मालीवाल ने जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि “दिल्ली वाले जहां दुनिया की सबसे जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं, वहीं दिल्ली की लाइफलाइन यमुना नदी जहर का घूंट पीकर बह रही है। पिछले 10 वर्षों में हमने अपनी मां कही जाने वाली नदी को नाला बना दिया है।”

मालीवाल ने कहा कि यमुना दिल्ली को 90% से अधिक पीने का पानी उपलब्ध कराती है, वही पानी जो घरों में, चाय में, बच्चों की बोतलों में और रोजमर्रा के उपयोग में आता है। लेकिन आज यमुना एक काली, बदबूदार और मृतप्राय धारा में बदल चुकी है। उन्होंने तथ्य रखते हुए बताया कि “दिल्ली में यमुना में रोजाना 22 बड़े नाले गिरते हैं। वजीराबाद बैराज से दिल्ली में प्रवेश करते ही यमुना नाले में बदल जाती है। इसमें ऑक्सीजन स्तर शून्य एमजी प्रति लीटर है, जिससे सभी जलीय जीव मर जाते हैं। यह जहरीला पानी त्वचा, पेट, लिवर और किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारियों को बढ़ा रहा है।”

उन्होंने दिल्ली में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली को जहां 1380 एमजीडी क्षमता की आवश्यकता है, वहीं वर्तमान में सिर्फ 966 एमजीडी क्षमता उपलब्ध है। मालीवाल ने पिछले दस वर्षों में यमुना सफाई पर खर्च हुए हजारों करोड़ रुपये पर भी सवाल उठाते हुए कहा, “दिल्ली में 7000 करोड़ रुपये कहां गए? किसकी जिम्मेदारी तय होगी?” उन्होंने लोगों के जल संकट का उल्लेख करते हुए कहा कि संगम विहार और देवली में लोग पूरी रात लाइनों में खड़े रहते हैं, एक पब्लिक टंकी से पाइप लगाकर पानी आने का इंतजार करते हैं।

अपने वक्तव्य के अंत में मालीवाल ने चार प्रमुख मांगें सदन के सामने रखीं:

पहली, यमुना की सफाई के लिए वॉर मोड पर यमुना जीवन मिशन बनाया जाए।

दूसरी, दिल्ली में मिशन मोड में एसटीपी लगाए जाएं ताकि एक बूंद भी गंदा पानी यमुना में न पहुंचे।

तीसरी, हर घर और सोसाइटी में रेनवॉटर हार्वेस्टिंग और जीरो लिक्विड डिसचार्ज सिस्टम अनिवार्य किया जाए।

चौथी, प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों के लाइसेंस रद्द किए जाएं।

मालीवाल ने कहा कि यमुना को गंदा करना उनके मन में राष्ट्रहित के विरुद्ध है। उन्होंने कहा, “जब तक यमुना रोएगी, दिल्ली की हर मां रोएगी। जब तक यमुना मरेगी, दिल्ली का भविष्य मरेगा। आने वाली पीढ़ियां हमें कभी माफ नहीं करेंगी अगर हमने आज यमुना को नहीं बचाया।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।