New Delhi News (03 December 2025): केंद्र सरकार ने संसद में राजधानी दिल्ली में यमुना नदी की बिगड़ती हालत को लेकर चौंकाने वाले तथ्य पेश किए हैं। केंद्रीय जल संसाधन मंत्रालय ने राज्यसभा में बताया कि यमुना के प्रदूषण की सबसे बड़ी वजह अनुपचारित सीवेज का बहना, सीवेज ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट्स में लगातार देरी और ठोस कचरे की सीमित रीसाइक्लिंग क्षमता है। मंत्रालय के मुताबिक, दिल्ली जल बोर्ड ने पिछले तीन वर्षों में यमुना की सफाई पर 5,536 करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने लिखित जवाब में बताया कि अगस्त 2025 तक दिल्ली में करीब 414 एमएलडी सीवेज का ट्रीटमेंट नहीं हो पा रहा था। कई स्वीकृत औद्योगिक क्षेत्रों में साझा ईटीपी (Effluent Treatment Plants) की कमी है, जबकि मौजूदा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स को अपग्रेड करने और नई परियोजनाओं को पूरा करने में देरी भी प्रदूषण बढ़ाने की बड़ी वजह है।
दिल्ली में रोजाना 11,862 टन ठोस कचरा पैदा होता है, जबकि मौजूदा रीसाइक्लिंग क्षमता सिर्फ 7,641 टन प्रतिदिन है। यानी हर दिन लगभग 4,221 टन कचरा रीसाइकल नहीं हो पाता और इसका बड़ा हिस्सा यमुना में जाकर प्रदूषण को और गंभीर बना देता है।
मंत्रालय ने यह भी बताया कि रिहायशी, औद्योगिक और कमर्शियल इलाकों के सीवेज को यमुना में जाने से रोकने के लिए दिल्ली जल बोर्ड का इंटरसेप्टर सीवर प्रोजेक्ट पूरा हो चुका है। इस प्रोजेक्ट के तहत नजफगढ़, सप्लीमेंट्री और शाहदरा ड्रेन के किनारे सीवर लाइनें बिछाई गईं ताकि 1100.86 एमजीडी गंदे पानी को इंटरसेप्ट किया जा सके। हालांकि, यमुना मॉनिटरिंग कमिटी की रिपोर्ट के अनुसार, जब तक रिठाला और कोडली एसटीपी को पूरी क्षमता पर अपग्रेड नहीं किया जाता, नदी में उल्लेखनीय सुधार संभव नहीं है।
यमुना को प्रदूषण-मुक्त करने के लिए इंटरसेप्टर प्रोजेक्ट की योजना 2010-12 के दौरान बनाई गई थी। इसकी कुल लागत 3,105 करोड़ रुपये रखी गई, जिसमें केंद्र सरकार ने 800 करोड़ रुपये का योगदान दिया। लंबे समय से निर्माण और अपग्रेडेशन में देरी, सीवेज प्रबंधन की खामियां और ठोस कचरे की भारी मात्रा से जूझती दिल्ली में यमुना की सफाई पर करोड़ों खर्च होने के बावजूद नदी की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।