ABVP की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद संपन्न, ‘समाज परिवर्तन का वाहक बने युवा’ प्रस्ताव पारित
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi/ Dehradun News (28 नवंबर 2025): अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक गुरुवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में बसाए गए भगवान बिरसा मुंडा नगर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. राजशरण शाही, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी और राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान की उपस्थिति में आरंभ हुई इस एक-दिवसीय बैठक में देशभर के 46 प्रांतों से आए 468 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह मुकुंद सी.आर. जी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।
बैठक में शिक्षा, समाज, पर्यावरण, तकनीक, खेल और सेवा जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस वर्ष चलाए गए व्यापक सदस्यता अभियान के अनुभव भी प्रतिनिधियों द्वारा साझा किए गए। अधिवेशन के मुख्य आकर्षण के रूप में “समाज परिवर्तन का वाहक बने युवा” विषयक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया, जबकि गुजरात के द्वारका में हुई विचार-बैठक के करणीय बिंदुओं को भी पुष्टि हेतु प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भव्य “रानी अब्बक्का प्रदर्शनी” का उद्घाटन पतंजलि योग ट्रस्ट के महासचिव आचार्य बालकृष्ण और उत्तराखण्ड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत द्वारा किया गया। “देवभूमि से राष्ट्रभूमि तक – उत्तराखण्ड के 25 वर्षों की यात्रा एवं विजन 2047” थीम पर आधारित यह प्रदर्शनी प्रतिभागियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
रानी अब्बक्का की 500वीं जन्म शताब्दी पर कर्नाटक से निकली 3000 किलोमीटर लंबी “रानी अब्बक्का कलश यात्रा” और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर झारखंड की उलिहातु से प्रारंभ “भगवान बिरसा संदेश यात्रा” भी आज भगवान बिरसा मुंडा नगर पहुंचीं, जहां जल और मिट्टी के कलशों का पारंपरिक स्वागत करते हुए उन्हें अधिवेशन स्थल पर स्थापित किया गया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. राजशरण शाही ने कहा कि अभाविप ने शैक्षिक और सामाजिक क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि देवभूमि में आयोजित यह राष्ट्रीय बैठक सभी कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा का स्रोत बनेगी। राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि इस परिषद में लिए गए निर्णय विद्यार्थी परिषद के कार्य को और अधिक गति प्रदान करेंगे तथा देशभर में छात्रशक्ति नई दिशा में आगे बढ़ेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।