मेदांता में मिलेगा विश्वस्तरीय उपचार, न्यूनतम लागत और परिवार जैसा स्नेह: Dr. Naresh Trehan, Managing Director
टेन न्यूज नेटवर्क
NOIDA News (27/11/2025): नोएडा के सेक्टर-50 में निर्मित 550-बेड क्षमता वाले अत्याधुनिक मेदांता सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का गुरुवार को भव्य उद्घाटन किया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रिबन काटकर अस्पताल को औपचारिक रूप से जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. नायडू, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, नोएडा विधायक पंकज सिंह, प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के दृष्टिगत लगभग 1200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई और आसपास के महत्वपूर्ण मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया।
उद्घाटन के दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान मेदांता अस्पताल, नोएडा के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नरेश त्रेहान ने अस्पताल की विशेषताओं, तकनीकी क्षमताओं और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेदांता नोएडा को ऐसे सेंटर के रूप में विकसित किया गया है, जहां सबसे जटिल और जोखिमयुक्त चिकित्सा प्रक्रियाएं भी अत्याधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ टीम की सहायता से की जा सकें।
डॉ. नरेश त्रेहान ने कहा, यहां फिजिकल फैसिलिटी इस तरह डिजाइन की गई हैं कि मरीजों को अधिकतम सुरक्षा मिले और संक्रमण का जोखिम न्यूनतम रहे। हमारे सभी डॉक्टर और मेडिकल टीमें विश्व स्तर पर प्रशिक्षित हैं और उन्हें अत्याधुनिक तकनीक उपलब्ध कराई गई है, ताकि वे मिलकर दुनिया का सर्वश्रेष्ठ इलाज प्रदान कर सकें।
उन्होंने मेदांता की कार्यसंस्कृति पर जोर देते हुए कहा कि अस्पताल में ‘विद कंपैशन’ का सिद्धांत सर्वोपरि है। हम मानते हैं कि मरीज को उसी समर्पण और संवेदना से उपचार मिलना चाहिए, जैसे हम अपने परिजनों को देते हैं। मेदांता में सभी डॉक्टर फुल-टाइम हैं और टीम-बेस्ड अप्रोच पर काम करते हैं। चाहे मरीज को हार्ट, शुगर या आंख की समस्या एक साथ क्यों न हो—हमारी मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम एक ही स्थान पर मिलकर उपचार करती है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अस्पताल में किसी तरह के भेदभाव की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कहा, मेदांता में यह भावना नहीं होती कि कौन किसका मरीज है। यहां हर मरीज टीम का साझा दायित्व होता है। हम किसी भी तरह का भेदभाव स्वीकार नहीं करते।
अंत में डॉ. नरेश त्रेहान ने मेदांता की मूल भावना को दोहराते हुए कहा कि अस्पताल का उद्देश्य विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवाएं न्यूनतम संभव लागत पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य है—बेस्ट ट्रीटमेंट, मिनिमम कॉस्ट और हर मरीज को परिवार जैसा अनुभव। अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और मानवता-आधारित कार्यशैली के साथ मेदांता नोएडा अब राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक प्रमुख और विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र बनने की दिशा में कदम बढ़ा चुका है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।