किसान नेता श्यौराज सिंह ने अपने खून से लिखा सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र
टेन न्यूज़ नेटवर्क
GREATER NOIDA News (24/11/2025): ग्रेटर नोएडा में किसान आंदोलन एक बार फिर उग्र होता दिखाई दे रहा है। भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर श्यौराज सिंह ने आज अपने ही खून से मुख्यमंत्री और यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) के नाम पत्र लिखकर जिले के प्रशासनिक तंत्र और सरकार के प्रति कड़ा संदेश दिया है। यह कदम उन्होंने पिछले चार महीनों से रोनीजा गांव में जारी किसान धरने और अधिकारियों की निष्क्रियता के विरोध में उठाया है।
इस दौरान ठाकुर ओमवीर सिंह ने बताया कि रोनीजा गांव में लगातार पड़े धरने को अभी तक अधिकारियों द्वारा नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि किसानों की समस्याएँ अत्यंत संवेदनशील और गंभीर हैं।
12 नवंबर को फरीदाकोट में आयोजित महापंचायत के दौरान, किसानों के प्रतिनिधियों ने यमुना प्राधिकरण के CEO को RTI रिपोर्ट, समीर घोर का लिखित बयान और प्लॉट आवंटन से जुड़े तमाम दस्तावेज साक्ष्य के रूप में सौंपे थे। किसानों का कहना है कि इन सभी दस्तावेजों में हेराफेरी और धांधली का खुलासा किया गया है। इसके बावजूद आज तक कोई अधिकारी धरनास्थल पर नहीं पहुँचा, न ही किसी प्रकार की कार्यवाही की गई।
किसान नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि, यदि प्रशासन ने किसानों की मांगों पर विचार कर समाधान नहीं किया, तो 29 नवंबर को फरीदाकोट में सभी संगठन मिलकर विशाल महापंचायत करेंगे, जहां बड़ा निर्णय लिया जाएगा। गौरतलब है कि उसी दिन BKU (लोकशक्ति) का स्थापना दिवस भी है, जो इस आंदोलन को और अधिक प्रतीकात्मक बना देता है। किसान नेता इसे ऐतिहासिक संघर्ष दिवस के रूप में मनाने की तैयारी कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि श्यौराज सिंह अपने हाथ से रक्त निकालते हैं और उसी खून से पत्र लिखते हैं। यह पत्र उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और यमुना प्राधिकरण के CEO के नाम संबोधित है। पत्र में लिखा है कि यदि किसानों की समस्याओं का हल नहीं हुआ, तो क्रमिक अनशन प्रारंभ किया जाएगा, आवश्यक हुआ तो भूख हड़ताल तक का कदम उठाया जाएगा।
किसान नेताओं ने सभी किसानों से 29 नवंबर को फरीदाकोट में अधिकतम संख्या में पहुँचने और आंदोलन को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा,यह अधिकारों की लड़ाई है। जो साथी हमारे साथ खड़े हैं, वे सम्मान और आभार के पात्र हैं।
किसानों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि समस्या का समाधान संवाद और संवेदनशीलता से निकाला जा सकता है, पर यदि प्रशासन उदासीन रहा तो आंदोलन और भी व्यापक और कठोर रूप धारण करेगा। ग्रेटर नोएडा में जारी यह किसान आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुँच चुका है। चार महीने से निरंतर धरने पर बैठे किसानों की भावनाओं और उनके धैर्य की सीमा अब समाप्त होती दिख रही है। अपने ही खून से पत्र लिखने जैसा कठोर और प्रतीकात्मक कदम उठाकर भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) ने संकेत दे दिया है कि अब संघर्ष और तेज होगा। किसानों की मांगें न केवल उनके अधिकारों से जुड़ी हैं, बल्कि भूमि, सम्मान और जीवन से संबंधित मुद्दे भी हैं। ऐसे में प्रशासन और सरकार से अपेक्षा की जा रही है कि वह संवेदनशीलता दिखाते हुए संवाद स्थापित करे और समाधान निकाले। अन्यथा 29 नवंबर को फरीदाकोट में होने वाली महापंचायत इस आंदोलन को बड़ा स्वरूप दे सकती है और इसकी प्रतिध्वनि दूर तक सुनाई देगी। किसानों ने साफ कहा है कि यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक न्याय नहीं मिलता।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।