SIP Abacus Regional Prodigy 2024: गणितीय प्रतिभाओं का महाकुंभ

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नोएडा (03 दिसंबर 2024): SIP Abacus Regional Prodigy 2024, एक प्रतिष्ठित आयोजन जिसने युवा दिमागों की बौद्धिक क्षमताओं को प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया, 1 दिसंबर 2024 को नोएडा एक्सपो सेंटर, सेक्टर 62, नोएडा में सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन SIP Academy India द्वारा किया गया था, जिसमें दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के लगभग 1,500 छात्रों ने भाग लिया और पांच मिनट के भीतर 200 से अधिक गणितीय प्रश्नों को हल करके अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस भव्य आयोजन में 2,000 से अधिक अभिभावक उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर SIP Academy के निदेशक सिबी शेखर, क्षेत्रीय प्रमुख मुकेश सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और आईआईएमसी के पूर्व डीन प्रोफेसर गोविंद सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। हमारी पीढ़ी में ऐसी सुविधाएं नहीं थीं, लेकिन आज के बच्चे कठिन गणितीय समस्याओं को चुटकी में हल कर रहे हैं।” उन्होंने भारत के समृद्ध गणितीय इतिहास की चर्चा करते हुए कहा, “भारत का गणितीय इतिहास वैदिक गणित से जुड़ा है और अबाकस इसका एक विस्तृत स्वरूप है। अब अंग्रेजों द्वारा सिखाई गई जटिल गणित को पीछे छोड़कर नई तकनीकों को अपनाने का समय आ गया है।”

उन्होंने आगे कहा, “गणित जीवन का अभिन्न अंग है। जो बच्चे गणित में निपुण होते हैं, वे जीवन में आगे बढ़ते हैं। देश का पूरा व्यापार और अर्थव्यवस्था गणित पर निर्भर है। SIP Abacus Regional Prodigy 2024 का सफल आयोजन एक सराहनीय प्रयास है। मैं आयोजकों को इस उपलब्धि पर बधाई देता हूं।”

प्रतिभागियों के अभिभावकों ने भी अपने अनुभव साझा किए। फरीदाबाद से आईं डॉ. सविता, जिनकी बेटी ने प्रतियोगिता में भाग लिया, ने बताया, “मेरी बेटी ग्रैंड मास्टर्स स्तर तक पहुंच चुकी है। SIP Abacus बच्चों की एकाग्रता को पांच गुना बढ़ाता है। मैं इससे पूरी तरह संतुष्ट हूं।”

दिल्ली की नमिता, जिनका बच्चा लेवल 3 में भाग ले रहा था, ने कहा, “SIP Abacus बच्चों के लिए बेहद लाभकारी है। इससे गणित आसान हो जाता है और उनकी गति भी तेज हो जाती है।”

सोनिया, जिनकी बेटी गणित में पहले कमजोर थी, ने बताया, “SIP Abacus से जुड़ने के बाद मेरी बेटी की गणितीय क्षमता में आश्चर्यजनक वृद्धि हुई है। अब गणित उसके लिए सरल हो गया है।”

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कुछ छात्रों ने भी टेन न्यूज़ से बातचीत में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा, “SIP Abacus से हमारे आत्मविश्वास और एकाग्रता में जबरदस्त सुधार हुआ है। अब गणित आसान लगने लगा है और इसका डर पूरी तरह समाप्त हो गया है।”

SIP Abacus Regional Prodigy 2024 केवल बच्चों की प्रतिभा को निखारने का मंच ही नहीं बना, बल्कि उनके आत्मविश्वास और गणितीय कौशल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में भी सफल रहा। यह आयोजन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।।

SIP Abacus Regional Prodigy 2024 NOIDA | Witness 1200 student’s participation | Photo Highlights


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।