SIR में लापरवाही पर सख्त एक्शन, डीएम गौतमबुद्ध नगर ने BLO पर की कड़ी कार्रवाई

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (23/11/2025): गौतमबुद्ध नगर जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान (Special Intensive Revision – SIR) में गंभीर लापरवाही सामने आने पर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। प्रशासन ने कुल 60 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और 7 सुपरवाइजरों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 32 के तहत विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज कराई है।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अंतर्गत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम के नेतृत्व में 4 नवंबर 2025 से 4 दिसंबर 2025 तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष सघन पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। मतदाता सूची के अद्यतन और सत्यापन की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए कड़े निर्देश जारी किए गए थे।

किस क्षेत्र में कितनी कार्रवाई

विधानसभा क्षेत्र 62–दादरी: उप जिलाधिकारी सदर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने यहां पुनरीक्षण कार्य में उदासीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी के आरोप में 32 बीएलओ और 1 सुपरवाइजर के विरुद्ध ईकोटेक-1, ग्रेटर नोएडा थाने में एफआईआर दर्ज कराई।

विधानसभा क्षेत्र 61–नोएडा: उप जिलाधिकारी दादरी ने विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम में निर्धारित कार्य पूरा न करने तथा निर्देशों की अवहेलना के आरोप में 11 बीएलओ और 6 सुपरवाइजर के खिलाफ थाना दादरी में एफआईआर दर्ज कराई।

विधानसभा क्षेत्र 63–जेवर: उप जिलाधिकारी जेवर द्वारा कुल 17 बीएलओ के खिलाफ लापरवाही और आदेशों की अवमानना के मामलों में थाना जेवर में मुकदमा पंजीकृत कराया गया।

जिला प्रशासन का कहना है कि, लोकतांत्रिक प्रक्रिया के मूल आधार—मतदाता सूची—को अद्यतन एवं त्रुटिहीन बनाए रखने का दायित्व अत्यंत संवेदनशील है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। दोषियों पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए जिम्मेदार कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।