GREATER NOIDA NEWS (23/11/2025): कासना थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम छात्र के वाहन पर किए गए हमले से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। इंटरमीडिएट के छात्र प्रियांशु भाटी की कार को दूसरे गुट के छात्रों ने निशाना बनाया। हमलावरों ने कार पर कथित रूप से फायरिंग की और पथराव करते हुए वाहन के शीशे चकनाचूर कर दिए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय किसान नेता बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
घटना कासना क्षेत्र के कैमराला गांव से जुड़े परिवार की है। किसान नेता बलराज भाटी के पोते और 12वीं कक्षा के छात्र प्रियांशु भाटी सेक्टर ओमिक्रोन-1 स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ाई करते हैं। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कोचिंग में छात्र प्रियांशु और दक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उसी विवाद की रंजिश में शनिवार शाम दक्ष अपने साथियों के साथ प्रियांशु का पीछा करते हुए पहुंचा और उनकी कार पर हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों की संख्या अधिक थी। उन्होंने पहले फायरिंग की, उसके बाद पथराव शुरू किया, जिससे कार के सभी शीशे टूट गए। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हमले में कोई छात्र घायल नहीं हुआ। हमले की सूचना पर किसान नेता बलराज भाटी गुस्से में समर्थकों के साथ कासना थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन को निशाने पर लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद वे थाने से लौट गए।
कासना कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी पकड़ लिए जाएंगे। लगातार हो रही झड़पों और फायरिंग की घटनाओं के कारण लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। लोगों ने कोचिंग संस्थानों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।